जलगांव के चालीसगांव में युवक पर फायरिंग, इलाके में मचा हड़कंप
जलगांव, 16 मार्च (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के जलगांव में स्थित चालीसगांव शहर के हनुमानवाड़ी इलाके में रेलवे ब्रिज के नीचे रविवार रात करीब 10 बजे फायरिंग की घटना हुई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, सूचना पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, हनुमानवाड़ी इलाके में रेलवे ब्रिज के नीचे किसी अज्ञात व्यक्ति ने सिकंदर शेख पर गोली चलाई। कंधे में गोली लगने से वह घायल हो गया। घायल सिकंदर शेख को तुरंत इलाज के लिए देवरे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलने पर चालीसगांव शहर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और इलाके का मुआयना करके जांच शुरू कर दी। घटना की सही वजह और फायरिंग किसने की, इस बारे में अभी कोई साफ जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन पुलिस आगे की जांच कर रही है।
इस घटना से हनुमानवाड़ी इलाके में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया था। पुलिस संदिग्धों की तलाश कर रही है। घटना के दूसरे दिन सोमवार को चालीसगांव डिवीजन के डिप्टी एसपी विजय कुमार ठाकुरवाड, एपीआई शंकर मोटे, पीएसआई योगेश माली और उनकी टीम ने अस्पताल पहुंचकर जख्मी सिकंदर शेख का बयान दर्ज किया। पुलिस ने बयान के आधार पर चालीसगांव शहर पुलिस स्टेशन में केस दर्ज करने की कार्रवाई की।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इसके साथ ही पीड़ित युवक के दोस्त और परिजनों से बातचीत कर हमलावर के बारे में पता लगाने की कोशिश की जा रही है, जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
वहीं, युवक का इलाज करने वाली डॉक्टर जयवंत देवी ने बताया कि रात को ही ऑपरेशन करके युवक के कंधे से गोली निकाली गई। उसकी जान को कोई खतरा नहीं है। फिलहाल, उसका यहां इलाज चल रहा है। अब युवक की हालत सामान्य है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 March 2026 3:41 PM IST












