जम्मू-कश्मीर के संदेश सिंह की न्यूजीलैंड में मौत, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने परिवार को दिया मदद का भरोसा

जम्मू-कश्मीर के संदेश सिंह की न्यूजीलैंड में मौत, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने परिवार को दिया मदद का भरोसा
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के एक व्यक्ति संदेश सिंह की न्यूजीलैंड में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है। केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जितेंद्र सिंह ने यह जानकारी दी। उन्होंने परिवार को भरोसा दिया है कि वे भारतीय उच्चायोग के साथ इस मामले पर लगातार संपर्क बनाए हुए हैं और मृतक के पार्थिव शरीर को वापस लाने की हर संभव कोशिश की जा रही है।

नई दिल्ली/जम्मू, 7 सितंबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के एक व्यक्ति संदेश सिंह की न्यूजीलैंड में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है। केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जितेंद्र सिंह ने यह जानकारी दी। उन्होंने परिवार को भरोसा दिया है कि वे भारतीय उच्चायोग के साथ इस मामले पर लगातार संपर्क बनाए हुए हैं और मृतक के पार्थिव शरीर को वापस लाने की हर संभव कोशिश की जा रही है।

केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने बुधवार को 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "डोडा जिले के संदेश सिंह के बारे में यह अपडेट है, जिनका न्यूजीलैंड में एक दुर्भाग्यपूर्ण सड़क दुर्घटना में निधन हो गया था। उनके परिवार ने डोडा वेस्ट के विधायक और पूर्व मंत्री श्री शक्ति राज परिहार के जरिए मदद मांगी थी। हम वहां स्थित भारतीय उच्चायोग के साथ इस मामले पर लगातार संपर्क बनाए हुए हैं और मृतक के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द वापस लाने की हर संभव कोशिश की जा रही है।"

वहीं, जितेंद्र सिंह के कार्यालय ने भारतीय उच्चायोग से मिली जानकारी को शेयर किया। इसमें कहा गया है, "वेलिंगटन स्थित भारत के उच्चायोग को न्यूजीलैंड पुलिस से एक सड़क दुर्घटना के बारे में जानकारी मिली। यह दुर्घटना 4 अक्टूबर को क्वीन्सटाउन में हुई थी। मृतक व्यक्ति के संदेश सिंह होने का संदेह है। औपचारिक पहचान अभी पूरी नहीं हुई है।"

जितेंद्र सिंह के कार्यालय के अनुसार, भारतीय उच्चायोग को न्यूजीलैंड पुलिस ने सूचित किया कि दुर्घटना में चेहरे पर चोट लगने के कारण देखकर पहचान करना संभव नहीं है। इसके अलावा, कोई डेंटल रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है और न्यूजीलैंड में कोई करीबी रिश्तेदार भी नहीं है, जो डीएनए विश्लेषण के माध्यम से पहचान में मदद कर सके। पुलिस ने उच्चायोग को सूचित किया है कि औपचारिक पहचान की प्रक्रिया अभी चल रही है और आज इसके पूरा होने की उम्मीद है।

यह भी बताया गया है कि संदेश सिंह के भाई अनिल सिंह ने उच्चायोग से संपर्क किया है और उच्चायोग ने उन्हें जवाब देते हुए मामले की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया है। उच्चायोग पहचान प्रक्रिया को पूरा करने और उसके बाद पार्थिव शरीर को सौंपने और वापस लाने से संबंधित औपचारिकताओं के लिए न्यूजीलैंड पुलिस के साथ लगातार संपर्क में है। न्यूजीलैंड के अधिकारियों की ओर से पहचान की पुष्टि और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उच्चायोग पार्थिव शरीर को भारत वापस लाने में हर संभव कांसुलर सहायता प्रदान करेगा।

जितेंद्र सिंह के कार्यालय ने कहा कि उच्चायोग इस मामले में क्वीन्सटाउन में भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ लगातार संपर्क में है और इस मुश्किल समय में उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है। साथ ही, समुदाय के सदस्यों ने उच्चायोग को बताया है कि शव को भारत वापस लाने के खर्च के लिए एक फंडरेजिंग पेज भी बनाया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, अब तक लगभग लगभग 9 लाख रुपए जमा हो चुके हैं। उच्चायोग इस मामले पर बारीकी से नजर रख रहा है और आगे की जरूरी कार्रवाई के लिए न्यूजीलैंड पुलिस, परिवार और स्थानीय भारतीय समुदाय के साथ तालमेल बनाए रखेगा।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   7 Oct 2026 2:49 PM IST

Tags

Next Story