पीएम मोदी के जनसेवा के 25 साल पूरे होने पर जगन मोहन रेड्डी और सीएम हिमंता सरमा ने दी बधाई

पीएम मोदी के जनसेवा के 25 साल पूरे होने पर जगन मोहन रेड्डी और सीएम हिमंता सरमा ने दी बधाई
वाईएसआर कांग्रेस प्रमुख वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सार्वजनिक सेवा के 25 साल पूरे करने पर बधाई दी। उन्होंने इसे एक ऐतिहासिक पड़ाव बताया।

नई दिल्ली, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। वाईएसआर कांग्रेस प्रमुख वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सार्वजनिक सेवा के 25 साल पूरे करने पर बधाई दी। उन्होंने इसे एक ऐतिहासिक पड़ाव बताया।

जगन मोहन रेड्डी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा, "सार्वजनिक सेवा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर जिसे नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पहले गुजरात के मुख्यमंत्री और फिर भारत के प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 25 साल की सार्वजनिक सेवा पूरी करने पर हार्दिक बधाई। आपको बहुत-बहुत शुभकामनाएं।"

वहीं असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने भी इस मौके पर एक विशेष पहल की। उन्होंने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "मां भारती से प्रार्थना कर, असमवासियों के स्नेह, आशीर्वाद और शुभकामनाओं से पवित्र सेवा ज्योति कलशों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए आज रवाना किया। इन कलशों में असम की जनता की आस्था, स्नेह और सेवा का संकल्प समाहित है।"

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को नई दिल्ली में 'विकसित भारत संकल्प सभा' को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने देश के भविष्य को लेकर बड़े लक्ष्य गिनाए और कहा कि देश में जो ऊर्जा और आत्मविश्वास है, वह अद्भुत है।

पीएम मोदी ने कहा, "2047 तक विकसित भारत बनाना है, हम करके दिखाएंगे। दुनिया की टॉप 3 अर्थव्यवस्था बनना है, हम करके दिखाएंगे। आत्मनिर्भर भारत बनाना है, हम करके दिखाएंगे। दुनिया का मैन्युफैक्चरिंग हब बनना है, हम करके दिखाएंगे। ओलंपिक का आयोजन करना है, हम करके दिखाएंगे। अंतरिक्ष में बड़े कदम रखने हैं, हम करके दिखाएंगे। लोगों में जो ये ऊर्जा, उत्साह और आत्मविश्वास है, वो कमाल का है।"

उन्होंने अपने 25 साल के कार्यकाल पर कहा, "जिस राष्ट्र के लोगों की धमनियों में ऐसा आत्मविश्वास लहू बनकर दौड़ता है, उसे कोई रोक नहीं सकता। सरकार के मुखिया के तौर पर 25 वर्षों की इस निरन्तर यात्रा को लोग उपलब्धि मानते हैं। हालांकि, मेरे लिए ये व्यक्तिगत महिमामंडन का विषय नहीं है और न ही ये इसका अवसर है।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   7 Oct 2026 3:30 PM IST

Tags

Next Story