जबलपुर न्यूज: गुम हुए मोबाइल वापस पाकर खिल उठे चेहरे

पुलिस ने लौटाए करीब 25 लाख रुपये कीमत के मोबाइल, साइबर अपराधों से बचाव की दी जानकारी

डिजिटल डेस्क जबलपुर। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन को पुलिस ने बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिया। पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित कार्यक्रम में मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

एसपी कार्यालय में पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस ने करीब 50 लाख रुपये कीमत के मोबाइल फोन उनके संबंधित मालिकों को लौटाए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने मोबाइल फोन की बरामदगी के साथ ही लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी भी दी। नागरिकों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने तथा साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की समझाइश दी गई।

पुलिस की इस कार्रवाई से मोबाइल गुम या चोरी होने के बाद उन्हें वापस पाने की उम्मीद लगाए लोगों को राहत मिली है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दें, ताकि समय रहते मोबाइल की तलाश और बरामदगी की कार्रवाई की जा सके।


Created On :   7 Oct 2026 3:51 PM IST

Tags

Next Story