- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- अब ली मासूम बच्चों की सुध, हरकत में...
Jabalpur News: अब ली मासूम बच्चों की सुध, हरकत में आया अमला, 46 वैन पर कसा शिकंजा

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। देर से ही सही जिम्मेदारों को मासूम बच्चों की फिक्र हुई है। स्कूली बच्चों का सफर सुरक्षित कराने के लिए सोमवार को पुलिस की टीमें मोर्चे पर उतरीं। घमापुर, मालवीय चौक और गढ़ा ट्रैफिक थानों के अमले ने 46 स्कूल वैन को जब्त कर संबंधित चालकाें को सख्त हिदायत भी दी। जानकारी के अनुसार विभिन्न सरकारी एवं प्राइवेट स्कूलों के आसपास चेकिंग प्रारंभ की गई।
इस दौरान ऐसी तकरीबन आधा सैकड़ा 46 स्कूल वैन जब्त की गईं जो कि प्राइवेट रजिस्ट्रेशन पर व्यावसायिक तौर पर संचालित होकर स्कूली बच्चों का परिवहन कर रही थीं। सभी वाहनों को आगे की कार्रवाई के लिए आरटीओ के सुपुर्द किया गया। वाहन चालकों ने दिनभर आरटीओ ऑफिस के चक्कर लगाए और हंगामा किया। इसके अलावा वैन चालकों को सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस सहित सभी सावधानियों का पालन करने की हिदायत दी गई। कार्रवाई एसपी संपत उपाध्याय,एएसपी यातायात अखिलेश तिवारी के निर्देश पर शुरू की गई जिसमें डीएसपी ट्रैफिक संतोष शुक्ला, बैजनाथ प्रजापति, निरीक्षक अश्विनी सिंह, मनीष प्यासी एवं रोहित तिवारी मौज्ूद रहे।
आज वैन चालक रहेंगे सामूहिक अवकाश पर
ट्रैफिक पुलिस एवं आरटीओ द्वारा स्कूल वैन पर हुई कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को संबंधित स्कूल वैन चालक सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। इस दौरान जाबालिपुरम स्कूल वाहन चालक संघ के नेतृत्व में वैन चालक कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे। जहां वे अपनी मांगों व समस्याओं से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत करवाएंगे। संगठन की अध्यक्ष यास्मीन महमूद, उपाध्यक्ष अमित राजपूत, सचिव धनराज पटेल,सह-सचिव संदीप पटेल और कोषाध्यक्ष विपिन शर्मा व उमेश शर्मा आदि ने उपस्थिति की अपील की।
Created On :   6 Oct 2026 5:36 PM IST












