- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- गोराबाजार में बनेगा हॉकर्स जोन,...
Jabalpur News: गोराबाजार में बनेगा हॉकर्स जोन, मंडला रोड को मिलेगी ट्रैफिक की अराजकता से राहत

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। जबलपुर-मंडला रोड पर स्थित गोराबाजार से बिलहरी मेन रोड पर दोनों तरफ सड़क किनारे लगने वाली सब्जी-फल की दुकानों से पूरे समय अराजकता का माहौल निर्मित रहता है। हाईवे से जुड़े होने के कारण यहां भारी वाहनों की भी आवाजाही बनी रहती है, जिससे आए दिन एक्सीडेंट की घटनाएं भी होती हैं। इस अराजकता को लेकर कई बार क्षेत्रीय लोगों ने विरोध किया और कैंट बोर्ड प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन भी किए।
लगातार मिल रहीं शिकायतों के बाद बोर्ड प्रशासन ने गोराबाजार के मेन रोड के समीप कैन्टोनमेंट की जमीन पर हॉकर्स जाेन बनाने का निर्णय लिया, जिसकी सारी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। बोर्ड प्रशासन का कहना है कि अब तक किए गए सर्वे में गोराबाजार से टू-टीटीआर के बीच फुटपाथ पर 300 से ज्यादा सब्जी-फल की दुकानें लगती हैं, जिन्हें जल्द ही इस हॉकर्स जोन में शिफ्ट कराया जाएगा।
जबलपुर-मंडला रोड के अव्यवस्थित ट्रैफिक को व्यवस्थित करने के लिए हॉकर्स जोन तैयार किया जा रहा है। जल्द ही सारे निर्माण पूरे करके यहां फल-सब्जी के 300 से ज्यादा व्यापारियों को शिफ्ट कराया जाएगा। वहीं हॉकर्स जाेन बनने के बाद सड़क पर दुकान लगाने वालों के खिलाफ सख्ती से निपटा जाएगा।
-राजीव कुमार, सीईओ, कैंट बोर्ड
बढ़े अतिक्रमण, कई बड़ी दुर्घटनाएं हुईं
पेंटीनाका स्थित मिलिट्री हॉस्पिटल से तिलहरी बायपास के बीच जब से नई फोरलेन सड़क बनी है, यहां सड़क किनारे फल-सब्जी की दुकानें लगनी शुरू हो गई थीं। लेकिन साल दर साल यहां लगने वाला सब्जी बाजार इतना अराजक हो गया कि आम राहगीरों को भारी परेशानियां उठानी पड़ रही थीं, जिसको लेकर क्षेत्रीय लोग काफी परेशान रहते थे। इतना ही नहीं कई बार यहां सड़क तक फैली दुकानों के कारण छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं भी होती रहीं, जिसको लेकर कैंट बोर्ड ने यहां हॉकर्स जोन बनाने का निर्णय लिया।
प्लेटफाॅर्म के साथ रहेगी हर सुविधा
कैंट बोर्ड द्वारा तैयार किए जा रहे इस हॉकर्स जोन में तीन लेयर में प्लेटफाॅर्म बनाया जाएगा, जिसमें 300 से ज्यादा फल-सब्जी वाले व्यापार कर सकेंगे। प्लेटफाॅर्म के सामने खाली पड़े हिस्से में वाहनों की पार्किंग बनाई जाएगी और बायो टॉयलेट के साथ पीने के पानी और नियमित सफाई के लिए उपकरण व कर्मचारियों की तैनाती भी होगी।
Created On :   6 Oct 2026 5:29 PM IST












