- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- पानी की पाइप लाइन फूटी,...
Jabalpur News: पानी की पाइप लाइन फूटी, ट्रांसफाॅर्मर तक फव्वारा पहुंचते ही मचा हड़कंप

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। कछपुरा ब्रिज के समीप मेहता पेट्रोल पंप के समीप साेमवार की सुबह काॅलोनियों में पानी पहुंचाने की पेयजल वितरण पाइप लाइन अचानक फूट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार किसी भारी वाहन के लाइन के ऊपर से गुजरने के कारण लाइन फूटी थी, लेकिन हड़कंप उस समय मच गया जब फूटी हुई लाइन से पानी का फव्वारा समीप लगे ट्रांसफाॅर्मर में जाने लगा, जिससे लोग करंट फैलने के डर से घबरा गए।
सूचना मिलते ही बिजली विभाग के साथ नगर निगम जल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बिजली बंद करके फूटी हुई लाइन का सुधार कराया गया। नगर निगम के जल प्रभारी कमलेश श्रीवास्तव ने बताया कि जो लाइन फूटी थी, वो दो इंच की जल वितरण लाइन थी, जिसे तत्काल सुधार दिया गया था। इस लाइन के समय पर सुधरने से आसपास की काॅलोनियों में जल वितरण को लेकर किसी भी तरह की परेशानी उत्पन्न नहीं हुई। पाइप लाइन सुधरने के बाद बिजली विभाग की टीम ने ट्रांसफाॅर्मर में सुधार करने के बाद पुन: बिजली सप्लाई शुरू की।
खुले ट्रांसफाॅर्मरों में लगाए जाएं ढक्कन
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि त्योहार में करंट फैलने की घटनाओं की रोकथाम को लेकर प्रशासन लगातार हिदायतें तो दे रहा है, लेकिन खुले हुए ट्रांसफाॅर्मरों में ढक्कर नहीं लगाए जा रहे। क्षेत्र में कई जगहों पर इसी तरह के खुले हुए ट्रांसफाॅर्मर लगे हुए हैं, जिनमें किसी भी दिन हादसा हो सकता है, लेकिन जिम्मेदार ध्यान नहीं देते। लोगों का कहना है कि समय रहते इस अराजकता को दूर कर लेना चाहिए, क्योंकि नवरात्र में कछपुरा काली देवी का पंडाल होने से यहां भारी भीड़ पहुंचती है।
Created On :   6 Oct 2026 5:41 PM IST












