- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- रादुविवि- अनुकम्पा न मिलने से मृत...
जबलपुर न्यूज: रादुविवि- अनुकम्पा न मिलने से मृत कर्मियों के परिजनों ने मांगी भीख

डिजिटल डेस्क जबलपुर |रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में 3 सालों से अनुकंपा नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे मृत कर्मचारियों के आश्रितों का धैर्य अब जबाव दे गया। आर्थिक तंगी और लगातार लंबित नियुक्ति प्रकरणों से परेशान आश्रितों ने मंगलवार को अनोखा और मार्मिक विरोध प्रदर्शन किया, उन्होने हाथों में कटोरा लेकर विश्वविद्यालय परिसर और आसपास की दुकानों में सांकेतिक रूप से भीख मांगते हुए अपना परिवार चलाने की गुहार लगाई और विवि प्रशासन से अपील की कि उन्हें जल्द ही नियुक्ति प्रदान की जाए।
विवि में पिछले कुछ सालों के दौरान मृत हुए करीब 11 कर्मचारियाें के परिजनों को अनुकम्पा नियुक्ति नहीं िमल पाई है। ऐसे में उनके परिवार दर-दर की ठोंकर खा रहे हैं। कोई कर्ज लेकर दो वक्त की रोटी खा रहा है तो कोई मजूदरी करने मजबूर है। ऐसे में आश्रितों ने भावुक होकर कहा कि वे अपने परिवार का पेट कैसे पालें, बच्चों की पढ़ाई, घर का खर्च और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो गया है। उनका कहना था कि जिन कर्मचारियों ने अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा विश्वविद्यालय की सेवा में लगा दिया, उनकी मृत्यु के बाद उनके परिवारों को भटकने की नौबत क्यों आ गई।
इच्छा मृत्यु की मांग कर चुके हैं आश्रित-
मृत कर्मचारियों के आश्रितों ने बताया कि अपनी समस्या को लेकर वे पहले भी विश्वविद्यालय प्रशासन और शासन के जिम्मेदार अधिकारियों के समक्ष अपनी गुहार लगा चुके हैं। समस्या का समाधान नहीं होने से निराश होकर आश्रितों ने पूर्व में मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल को पत्र लिखकर इच्छा मृत्यु की अनुमति तक की मांग की थी। विरोध प्रदर्शन को कर्मचारी संघ ने भी समर्थन दिया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारी संघ के अध्यक्ष संजय यादव, उपाध्यक्ष अंकित श्रीवास सहित बड़ी संख्या में विश्वविद्यालय कर्मचारी उपस्थित रहे।
Created On :   6 Oct 2026 7:13 PM IST












