जम्मू-कश्मीर सोशल मीडिया पर लड़ाई का वीडियो वायरल होने के बाद दो पोनी हैंडलर गिरफ्तार
रियासी, 27 मार्च (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर में रियासी पुलिस ने एक बार फिर माता वैष्णो देवी तीर्थ यात्रा मार्ग पर कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दिखाई है।
कुछ दिन पहले, कटरा में बाणगंगा ट्रैक पर दो पोनी हैंडलर के बीच लड़ाई हुई थी। इस घटना से तीर्थयात्रियों में दहशत फैल गई थी। वहां मौजूद लोगों ने वीडियो बनाया था, जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस तत्काल हरकत में आ गई। कटरा पुलिस ने मामला का संज्ञान लेकर कार्रवाई शुरू की। पूछताछ के दौरान दोनों पोनी हैंडलर की पहचान की गई, जिसके बाद पुलिस ने उनको गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को कटरा के फर्स्ट क्लास एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया।
आरोपियों की पहचान रियासी के भागा गांव के रहने वाले शौकत अली और सरोटे कोटे गांव के रहने वाले दविंदर सिंह के रूप में हुई है।
जिला पुलिस ने कहा कि पवित्र मार्ग पर तीर्थयात्रियों की सुरक्षा, सम्मान या सुविधा को खतरे में डालने वाले किसी भी मामले से सख्ती से निपटा जाएगा। पुलिस शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और गैरकानूनी व्यवहार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस ने कहा कि किसी भी तरह के गलत व्यवहार के प्रति अपनी जीरो-टॉलरेंस पॉलिसी दोहराती हैं और तीर्थयात्रा मार्गों पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार सतर्क कार्रवाई का आश्वासन देते हैं।
नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता वैष्णो देवी के दर्शन करने पहुंचे। देशभर से कटरा पहुंचे श्रद्धालुओं को तांता देखने को मिला।
चैत्र नवरात्रि के मौके पर वैष्णो देवी यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। आस्था और विश्वास के साथ लोगों ने माता के दरबार में हाजिरी लगाई। देश के अलग-अलग हिस्सों से लोग माता के दर्शन के लिए पहुंचे। 'जय माता दी' के जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया था और हर कोई माता रानी के दर्शन के लिए उत्साहित नजर आ रहा था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 March 2026 4:52 PM IST












