झारखंड देवघर में पीएम किसान योजना के नाम पर ठगी करने वाले 4 साइबर अपराधी गिरफ्तार
देवघर, 27 मार्च (आईएएनएस)। झारखंड के देवघर जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चार शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है, जो पीएम किसान योजना, बिजली बिल अपडेट और डिजिटल वॉलेट के नाम पर देशभर के लोगों को निशाना बना रहे थे।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर डीएसपी सौरभ के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में ठगी में प्रयुक्त 5 मोबाइल फोन और 5 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश दास, पंकज कुमार दास, विकास कुमार दास और पैंतीस कुमार दास के रूप में हुई है। सभी आरोपी देवघर जिले के सारठ और मधुपुर थाना क्षेत्रों के निवासी बताए जा रहे हैं।
तकनीकी जांच में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह बेहद सुनियोजित तरीके से आम लोगों, खासकर ग्रामीण और किसान वर्ग को निशाना बना रहा था। आरोपी खुद को कृषि विभाग का अधिकारी बताकर किसानों को फर्जी लिंक भेजते थे और पीएम किसान योजना की अगली किस्त दिलाने का झांसा देकर उनकी बैंकिंग जानकारी हासिल कर लेते थे।
इसके अलावा यह गैंग फर्जी फाइनेंस कंपनी ‘धनी फाइनेंस’ का अधिकारी बनकर कम ब्याज दर पर तत्काल लोन दिलाने का लालच देता था और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर ठगी करता था। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी फोन पे और पेटीएम के कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव बनकर ग्राहकों को कॉल करते थे। वे कैशबैक और रिवॉर्ड पॉइंट रिडीम करने का झांसा देकर लोगों से गिफ्ट कार्ड खरीदवाते थे और फिर रकम अपने खातों में ट्रांसफर करवा लेते थे।
आरोपी ग्राहकों को कॉल कर बैंक कार्ड बंद होने या केवाईसी अपडेट न होने का डर दिखाते थे और ऐप के जरिए अनधिकृत पहुंच हासिल कर खातों से पैसे उड़ा लेते थे। साइबर डीएसपी ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही किसी अज्ञात कॉलर को अपना ओटीपी या बैंकिंग जानकारी साझा करें।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 March 2026 6:15 PM IST












