जमुई छात्रा बदसलूकी मामले को लेकर पटना में राजद महिला विंग का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री से इस्तीफा मांगा

जमुई छात्रा बदसलूकी मामले को लेकर पटना में राजद महिला विंग का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री से इस्तीफा मांगा
बिहार के जमुई में छात्रा के साथ हुई कथित बदसलूकी और छेड़छाड़ की घटना को लेकर राज्य की सियासत गरमा गई है। घटना के विरोध में बुधवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की महिला कार्यकर्ताओं ने राजधानी पटना में प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

पटना, 23 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के जमुई में छात्रा के साथ हुई कथित बदसलूकी और छेड़छाड़ की घटना को लेकर राज्य की सियासत गरमा गई है। घटना के विरोध में बुधवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की महिला कार्यकर्ताओं ने राजधानी पटना में प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

राजद महिला प्रकोष्ठ की ओर से पार्टी कार्यालय से आयकर गोलंबर तक विरोध मार्च निकाला गया। प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री का पुतला भी फूंका गया। राजद महिला कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि राज्य में महिलाएं और बेटियां सुरक्षित नहीं हैं तथा सरकार कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा के मोर्चे पर विफल रही है।

प्रदर्शनकारियों ने जमुई मामले में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए मामले का स्पीडी ट्रायल कराने की मांग की। विरोध मार्च के दौरान राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जमुई की घटना ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि घर से लेकर स्कूल तक बेटियां सुरक्षित नहीं हैं और सरकार महिलाओं को सुरक्षा देने में नाकाम साबित हो रही है।

प्रदर्शन के दौरान राजद की महिला कार्यकर्ताओं ने जमुई मामले में आरोपी के खिलाफ बेहद कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए 'हाफ नहीं, फुल एनकाउंटर' की बात कही। हालांकि, पुलिस और प्रशासन की ओर से मामले में कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है। विधान परिषद सदस्य सुनील कुमार सिंह ने सरकार पर तीखा हमला बोला।

उन्होंने मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि यह सरकार खोखली साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि घर और स्कूल में बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। उनके मुताबिक, राज्य में महिलाओं के खिलाफ घटनाएं हो रही हैं और सरकार प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर लोग अपनी आवाज उठाएंगे तो उन पर भी कार्रवाई का खतरा बना रहता है। उन्होंने जमुई मामले के आरोपियों के लिए कड़ी सजा की मांग करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में दोषियों को कानून के तहत कठोरतम दंड मिलना चाहिए।

उन्होंने मामले में त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के लिए स्पीडी ट्रायल की मांग दोहराई। राजद महिला विंग की ओर से आयोजित इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने सरकार की महिला सुरक्षा नीति और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री के खिलाफ भी नारे लगाए और सरकार पर महिलाओं की सुरक्षा के प्रति गंभीर नहीं होने का आरोप लगाया।

राजद ने कहा कि जमुई की घटना केवल एक आपराधिक मामला नहीं, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है। पार्टी ने सरकार से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल कर शीघ्र कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   23 Sept 2026 3:04 PM IST

Tags

Next Story