जनता में लोकप्रियता के कारण पीएम मोदी बार-बार निर्वाचित हो रहे हैं किरण चौधरी

जनता में लोकप्रियता के कारण पीएम मोदी बार-बार निर्वाचित हो रहे हैं  किरण चौधरी
भाजपा सांसद किरण चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, किसानों को दी जा रही सब्सिडी, पश्चिम बंगाल की राजनीति और कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की लगातार लोकप्रियता और जनता का विश्वास ही उन्हें देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्रियों में शामिल करता है।

चंडीगढ़, 10 जून (आईएएनएस)। भाजपा सांसद किरण चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, किसानों को दी जा रही सब्सिडी, पश्चिम बंगाल की राजनीति और कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की लगातार लोकप्रियता और जनता का विश्वास ही उन्हें देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्रियों में शामिल करता है।

भाजपा सांसद किरण चौधरी ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि देश की जनता ने बार-बार प्रधानमंत्री मोदी को चुनकर यह साबित किया है कि भारत को विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए उनके नेतृत्व पर भरोसा है।

उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में देश में कनेक्टिविटी के क्षेत्र में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। सड़कों, एक्सप्रेसवे और राष्ट्रीय राजमार्गों का व्यापक विस्तार किया गया है, जिससे विकास को नई गति मिली है। आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए केंद्र सरकार ने अनेक योजनाएं शुरू की हैं और महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए भी कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।

किसानों को यूरिया और अन्य उर्वरकों पर दी जा रही सब्सिडी के मुद्दे पर भाजपा सांसद ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय परिस्थितियों और बढ़ती लागत के बावजूद केंद्र सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने बताया कि भारत में उपयोग होने वाली अधिकांश खाद का आयात किया जाता है और वैश्विक बाजार में कीमतें बढ़ने से लागत में काफी वृद्धि हुई है। इसके बावजूद सरकार किसानों पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ने दे रही और भारी सब्सिडी देकर मदद कर रही है। इससे सरकारी खजाने पर दबाव जरूर पड़ता है, लेकिन किसानों की सुरक्षा और कृषि उत्पादन को बनाए रखने के लिए यह जरूरी है।

पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में संभावित फूट के सवाल पर किरण चौधरी ने कहा कि पार्टी का जनाधार तेजी से कमजोर हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी ने लंबे समय तक लोगों को डराने-धमकाने और सिंडिकेट संस्कृति के सहारे राजनीति की। लेकिन अब जनता के सामने भाजपा के रूप में एक मजबूत विकल्प मौजूद है। बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ भाजपा की सख्त नीति और राष्ट्रहित में किए जा रहे कार्यों के कारण लोगों का समर्थन पार्टी को मिल रहा है। टीएमसी के भीतर बढ़ता असंतोष और नेताओं के बीच टकराव इस बात का संकेत है कि पार्टी अंदर से कमजोर हो चुकी है।

वहीं, कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा और पूर्व पंजाब मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के संपर्क में होने की चर्चाओं पर भी किरण चौधरी ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह स्वयं इस तरह की खबरों का खंडन कर चुके हैं। वरिष्ठ नेताओं को बिना आधार के इस तरह के बयान देने से बचना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर ऐसे दावे किए जा सकते हैं तो कोई भी किसी के बारे में ऐसा कह सकता है। उनके अनुसार, इस तरह के बयान यह दर्शाते हैं कि विपक्ष की राजनीतिक रणनीति सफल नहीं हो रही है और इसी कारण ऐसे मुद्दों को हवा दी जा रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   10 Jun 2026 7:30 PM IST

Tags

Next Story