मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर यूपी में भाजपा का आस्था अभियान, मंदिरों में पूजा कर दोहराया 'विकसित भारत' का संकल्प

मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर यूपी में भाजपा का आस्था अभियान, मंदिरों में पूजा कर दोहराया विकसित भारत का संकल्प
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने और देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में व्यापक स्तर पर धार्मिक और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए। प्रदेश भर के मंदिरों में विशेष पूजन-अर्चन, हवन और प्रार्थना के जरिए भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र की प्रगति, सुशासन और 'विकसित भारत' के संकल्प को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

लखनऊ, 10 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने और देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में व्यापक स्तर पर धार्मिक और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए। प्रदेश भर के मंदिरों में विशेष पूजन-अर्चन, हवन और प्रार्थना के जरिए भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र की प्रगति, सुशासन और 'विकसित भारत' के संकल्प को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने लखनऊ स्थित हनुमान सेतु मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राष्ट्र की समृद्धि, जनकल्याण और विकसित भारत के लक्ष्य की सफलता की कामना की। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश महामंत्री संजय राय, क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा, युवा नेता नीरज सिंह और महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, गरीब कल्याण, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि जनधन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे कार्यक्रमों ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व सेवा, सुशासन और राष्ट्र प्रथम की भावना का प्रतीक है। उनकी दूरदर्शी नीतियों और निर्णायक नेतृत्व ने भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि लगातार तीसरी बार जनता द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को जनादेश दिया जाना उनके नेतृत्व में जनता के विश्वास का प्रमाण है।

इस बीच भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने लखनऊ के बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा की कामना की। उनके साथ पूर्व मंत्री एवं मध्य प्रदेश के भाजपा प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, युवा नेता नीरज सिंह और महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष भारत के नवजागरण, सुशासन और जनकल्याण के स्वर्णिम अध्याय के रूप में याद किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सेवा, समर्पण, पारदर्शिता और राष्ट्रहित को शासन की मूल भावना बनाकर प्रधानमंत्री ने राजनीतिक कार्यसंस्कृति को नई दिशा दी है। गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए लागू की गई योजनाओं ने देश में विकास की नई धारा प्रवाहित की है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की कर्मनिष्ठा, अनुशासन और राष्ट्र प्रथम की भावना करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। भाजपा के अनुसार, प्रदेश के सभी जनपदों में सांसदों, विधायकों, जनप्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा मंदिरों में विशेष पूजन-अर्चन, हवन और प्रार्थना कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र निर्माण, सुशासन और विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के संकल्प को दोहराया गया।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   10 Jun 2026 7:50 PM IST

Tags

Next Story