जन्मतिथि विशेष भारतीय क्रिकेट का पहला शतक, टेस्ट सीरीज में पहली जीत, लाला अमरनाथ के नाम हैं ये यादगार रिकॉर्ड

जन्मतिथि विशेष भारतीय क्रिकेट का पहला शतक, टेस्ट सीरीज में पहली जीत, लाला अमरनाथ के नाम हैं ये यादगार रिकॉर्ड
भारतीय क्रिकेट टीम मौजूदा समय की सबसे मजबूत और लोकप्रिय टीम है। टीम को ऐसी स्थिति में पहुंचने के लिए एक लंबे और संघर्षपूर्ण दौर से गुजरना पड़ा है और इसमें कई क्रिकेटरों का अहम योगदान रहा है। भारतीय क्रिकेट को मजबूती देने में जिन क्रिकेटरों का अहम योगदान रहा है, उनमें लाला अमरनाथ का नाम महत्वपूर्ण है।

10 सितंबर, नई दिल्ली (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम मौजूदा समय की सबसे मजबूत और लोकप्रिय टीम है। टीम को ऐसी स्थिति में पहुंचने के लिए एक लंबे और संघर्षपूर्ण दौर से गुजरना पड़ा है और इसमें कई क्रिकेटरों का अहम योगदान रहा है। भारतीय क्रिकेट को मजबूती देने में जिन क्रिकेटरों का अहम योगदान रहा है, उनमें लाला अमरनाथ का नाम महत्वपूर्ण है।

लाला अमरनाथ ने एक कप्तान और बल्लेबाज के तौर पर भारतीय क्रिकेट की बेहतरी में अपना अमूल्य योगदान दिया। उनका जन्म 11 सितंबर 1911 को कपूरथला, पंजाब में हुआ था। क्रिकेट खेलने का शौक उन्हें बचपन से था। बल्लेबाजी हो, गेंदबाजी हो या फिर विकेटकीपिंग, तीनों ही विभाग में लाला अमरनाथ दक्ष थे। इसी वजह से उन्हें एक पूर्ण क्रिकेटर माना जाता है।

अमरनाथ ने महज 22 साल की उम्र में 1933 में इंग्लैंड के खिलाफ अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था। उनका अंतरराष्ट्रीय करियर 19 साल लंबा रहा। वह 1952 तक भारतीय टीम का हिस्सा रहे। अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के दौरान उन्होंने 24 टेस्ट मैचों की 40 पारियों में 1 शतक और 4 अर्धशतक लगाते हुए 878 रन बनाए। सर्वाधिक स्कोर 118 था। उन्होंने 45 विकेट भी लिए थे। एक पारी में 5 विकेट लेने की उपलब्धि उन्होंने दो बार हासिल की थी।

भारतीय क्रिकेट इतिहास के कई स्वर्णिम कीर्तिमान लाला अमरनाथ के नाम दर्ज हैं। वह स्वतंत्र भारत में भारतीय क्रिकेट टीम के पहले कप्तान थे। लाला अमरनाथ की कप्तानी में हीं भारतीय टीम ने अपनी पहली टेस्ट सीरीज जीती थी। 1952 में 5 टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भारत दौरे पर आई पाकिस्तान टीम को 2-1 से हार का सामना करना पड़ा था। इस सीरीज में लाला अमरनाथ ही भारत के कप्तान थे। इस सीरीज के बाद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था।

अमरनाथ ने अपना टेस्ट शतक इंग्लैंड के खिलाफ 17 दिसंबर, 1933 को शतक लगाया था। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत की तरफ से लगाया गया, यह पहला शतक है।

संन्यास के बाद वह बतौर मैनेजर भी टीम इंडिया के साथ जुड़े थे। 1954-55 में जब भारतीय टीम पाकिस्तान गई थी, तो लाला अमरनाथ ही टीम इंडिया के मैनेजर थे।

भारतीय क्रिकेट में लाला अमरनाथ का प्रभाव ऐसा था कि युवा खिलाड़ियों ने उस समय के सर्वाधिक लोकप्रिय खेल हॉकी को छोड़ कर क्रिकेट में दिलचस्पी लेनी शुरू की थी। लाला के बेटे सुरिंद्र अमरनाथ और मोहिंदर अमरनाथ भी भारतीय टीम के लिए खेले। उनके एक अन्य बेटे राजिंदर अमरनाथ भी प्रथम श्रेणी खेले। लाला अमरनाथ का निधन 88 साल की आयु में 5 अगस्त 2000 को नई दिल्ली में हो गया था।

भारत सरकार ने उन्हें 1991 में पद्मभूषण से सम्मानित किया था।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   10 Sept 2026 3:06 PM IST

Tags

Next Story