जौनपुर खड़े ट्रक से भिड़ी तेज रफ्तार कार, दो श्रद्धालुओं की मौत, तीन घायल
लखनऊ, 3 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां बक्शा थाना क्षेत्र के वाराणसी-जौनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य श्रद्धालु घायल हो गए।
घटना को लेकर मिली जानकारी के अनुसार, कार सवार सभी लोग वाराणसी से काशी विश्वनाथ के दर्शन कर उन्नाव अपने घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान यह भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई और तीन बुरी तरह घायल हो गए।
यह दुर्घटना थाना बक्शा क्षेत्र के कुल्हनामऊ गांव के समीप हुई, जहां सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से आ रही एक वैगनआर कार अनियंत्रित होकर जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा ट्रक में बुरी तरह फंस गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे सभी पांच लोगों को बाहर निकालकर तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने अखिलेश शुक्ला और अंकित शुक्ला को मृत घोषित कर दिया, जबकि शोभित श्रीवास्तव, संदीप मिश्रा और शोभित शुक्ला का उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार तीनों घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, हादसे में शामिल सभी लोग उन्नाव जिले की आवास विकास कॉलोनी, कोतवाली क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच के साथ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
मामले को लेकर सीओ परमानंद कुशवाह ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 5 बजे थाना बक्शा से एक सूचना प्राप्त हुई कि सुबह लगभग 5 बजे वाराणसी-सुल्तानपुर हाईवे पर कुल्हनामऊ गांव के पास एक ट्रक और वैगनआर के बीच टक्कर हो गई।
उन्होंने बताया कि डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के बाद दो लोगों को मृत घोषित कर दिया और तीन का इलाज चल रहा है। वहीं, पुलिस की ओर से मामले की जांच और मृतकों के शव का पोस्टमार्टम और अन्य कार्रवाई की जा रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 Aug 2026 9:24 PM IST












