झारखंड बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले पंचायतों को मिला तोहफा, सीएम ने बांटे 9 करोड़

झारखंड बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले पंचायतों को मिला तोहफा, सीएम ने बांटे 9 करोड़
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता के केंद्र में अंतिम व्यक्ति और सुदूरवर्ती गांव हैं। उन्होंने कहा कि राज्य का समग्र विकास तभी संभव है, जब गांवों का विकास सुनिश्चित हो।

रांची, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता के केंद्र में अंतिम व्यक्ति और सुदूरवर्ती गांव हैं। उन्होंने कहा कि राज्य का समग्र विकास तभी संभव है, जब गांवों का विकास सुनिश्चित हो।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को राजधानी रांची के खेलगांव स्थित टाना भगत स्टेडियम में आयोजित ‘मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार सह मुखिया सम्मेलन’ को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर विभिन्न श्रेणियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाली ग्राम पंचायतों, ग्राम सभाओं, पंचायत समितियों और जिला परिषदों के बीच 9 करोड़ की प्रोत्साहन राशि वितरित की गई।

कार्यक्रम के दौरान भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) से संबंधित ‘टर्म्स ऑफ एंगेजमेंट’ के तहत एक समझौते की औपचारिक प्रक्रिया भी पूरी की गई। इसके तहत अब पंचायत स्तर पर आधार कार्ड से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि ग्रामीणों को इसके लिए इधर-उधर भटकना न पड़े।

मुख्यमंत्री ने पंचायत प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे सरकार और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी कार्यकुशलता से ही विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन संभव है। उन्होंने कहा कि सरकार का ध्यान गांवों से शुरू होता है और इसी कारण प्रशासनिक अधिकारी पंचायत स्तर पर कैंप लगाकर समस्याओं के समाधान की दिशा में काम कर रहे हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय जरूरतों का बेहतर आकलन पंचायत प्रतिनिधि ही कर सकते हैं। उन्होंने जल संरक्षण पर जोर देते हुए पुराने तालाबों के गहरीकरण और चापानलों के पास शॉकपिट निर्माण की सलाह दी। साथ ही, ग्रामीणों को सौर ऊर्जा के माध्यम से बिजली उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि सरकार ऐसी बिजली की खरीद करेगी।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पहले लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशानी का सामना करना पड़ता था। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में भूख से मौत की कोई घटना नहीं हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार संवेदनशील है और बेहतर कार्य करने वालों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से सरकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने का आह्वान किया। साथ ही, संताल परगना क्षेत्र में शुरू की गई लिफ्ट सिंचाई योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पंचायत स्तर तक मजबूत नेटवर्क विकसित किया जा रहा है, ताकि सरकार और जनता के बीच संपर्क निरंतर बना रहे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   24 April 2026 7:59 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story