झारखंड दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग पर भाजपा करेगी आंदोलन, जिलों में डीसी कार्यालय का होगा घेराव
रांची, 4 सितंबर (आईएएनएस)। झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी के खिलाफ आंदोलन के दौरान छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग को लेकर भाजपा ने आंदोलन का ऐलान किया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने शुक्रवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य की सरकार लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने वाले छात्रों के दमन पर उतर आई है। इसके विरोध में पार्टी 8 सितंबर से राज्य के विभिन्न जिलों में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक कार्यालयों का घेराव कर प्रदर्शन करेगी।
आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा ने छात्रों पर दर्ज मुकदमों का शुरू से विरोध किया है। करीब 48 घंटे पहले भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव से मुलाकात कर छात्रों के खिलाफ दर्ज केस वापस लेने की मांग की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद झामुमो और कांग्रेस के नेता मुख्य सचिव से मिलकर छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। साहू ने कहा कि छात्र राज्य और देश का भविष्य हैं। वे अपनी मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे हैं। ऐसे में उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज कर उन्हें डराने का प्रयास उचित नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस के माध्यम से छात्रों और कोचिंग संस्थानों के संचालकों पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रांची में छात्रों ने बिना किसी राजनीतिक दल के समर्थन के आंदोलन कर पर नौकरी में गड़बड़ियों और अनियमितताओं का मुद्दा उठाया था। इसके बावजूद आंदोलन में शामिल छात्रों पर केस दर्ज किए गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य के अलग-अलग हिस्सों में आंदोलन के दौरान झामुमो नेताओं और कार्यकर्ताओं पर छात्रों के साथ मारपीट के आरोप लगे, लेकिन उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई।
साहू ने आरोप लगाया कि सरकार अब अपनी नाकामियों पर सवाल उठाने वाले छात्रों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए तो भाजपा आंदोलन को और व्यापक करेगी।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि 8 सितंबर को रांची, दुमका, गिरिडीह और गढ़वा में आंदोलन होगा। 9 सितंबर को कोडरमा, साहिबगंज, पलामू और चाईबासा में प्रदर्शन किया जाएगा। 10 सितंबर को सरायकेला-खरसावां, पाकुड़, धनबाद, गुमला, लातेहार और चतरा में आंदोलन होगा। 11 सितंबर को जामताड़ा और खूंटी में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक कार्यालयों का घेराव किया जाएगा।
--आईएएनएस
एसएनसी/पीएम
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 Sept 2026 5:28 PM IST












