झारखंडः गिरिडीह में तेज रफ्तार वैन ने तीन मजदूरों को कुचला, दो की मौके पर मौत, एक गंभीर

झारखंडः गिरिडीह में तेज रफ्तार वैन ने तीन मजदूरों को कुचला, दो की मौके पर मौत, एक गंभीर
झारखंड के गिरिडीह जिले के बिरनी थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो बुजुर्ग मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।

गिरिडीह, 5 मई (आईएएनएस)। झारखंड के गिरिडीह जिले के बिरनी थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो बुजुर्ग मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।

यह दुर्घटना सरिया-राजधनवार मुख्य मार्ग पर माखमरगो पंचायत भवन के समीप घटी। मृतकों की पहचान बिरनी थाना क्षेत्र के जितकुंडी गांव निवासी 70 वर्षीय बासदेव साव और 65 वर्षीय लखिया देवी (पति लखपत साव) के रूप में हुई है। इस हादसे में इसी गांव के 65 वर्षीय धनपत साव गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों मजदूर प्रतिदिन की तरह मंगलवार की सुबह मजदूरी करने के लिए पैदल माखमरगो इलाके की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार पिकअप वैन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बासदेव साव और लखिया देवी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि धनपत साव लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।

हादसे को अंजाम देने के बाद चालक पिकअप वैन लेकर मौके से फरार होने में सफल रहा। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना बिरनी थाना पुलिस को दी और घायल धनपत साव को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

सूचना पाकर बिरनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने फरार वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। इधर, हादसे के बाद जितकुंडी गांव में मातम पसरा है। स्थानीय ग्रामीणों ने सरिया-राजधनवार मार्ग पर बढ़ती दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रशासन से गति सीमा निर्धारित करने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   5 May 2026 4:49 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story