झारखंड गोड्डा में फंदे से लटकता मिला विवाहिता का शव, हत्या का आरोप

झारखंड गोड्डा में फंदे से लटकता मिला विवाहिता का शव, हत्या का आरोप
झारखंड के गोड्डा जिले के बलबड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत छगराहा गांव में सोमवार को एक 23 वर्षीय विवाहिता का शव उसके घर में फंदे से लटकता हुआ पाया गया। मृतका की पहचान गुड़िया कुमारी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के भागलपुर जिले के एकचारी की रहने वाली थी।

गोड्डा, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड के गोड्डा जिले के बलबड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत छगराहा गांव में सोमवार को एक 23 वर्षीय विवाहिता का शव उसके घर में फंदे से लटकता हुआ पाया गया। मृतका की पहचान गुड़िया कुमारी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के भागलपुर जिले के एकचारी की रहने वाली थी।

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की मां यशोदा देवी ने ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस को दिए बयान में उन्होंने कहा कि शादी के वक्त तीन लाख रुपये दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद दामाद रंजीत दास द्वारा लगातार 50 हजार रुपये और जेवर की मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर गुड़िया को प्रताड़ित किया जाता था।

मां का सीधा आरोप है कि उनकी बेटी की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने के लिए फंदे से लटका दिया गया है। वहीं, मृतका के पति रंजीत दास ने हत्या के आरोपों को नकारते हुए इसे आत्महत्या बताया है। रंजीत के अनुसार, सोमवार सुबह उसका पत्नी के साथ मामूली विवाद हुआ था, जिसके बाद वह काम पर बलबड्डा चला गया था। जब वह वापस लौटा, तो गुड़िया का शव घर में फंदे से लटक रहा था।

घटना की सूचना मिलते ही मेहरमा और बलबड्डा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल, गोड्डा भेज दिया। मेहरमा थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर ने बताया कि परिजनों ने दहेज के लिए प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और लिखित आवेदन मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ विधिसम्मत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   27 April 2026 5:01 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story