झारखंड जमशेदपुर में कैनाल से महिला का शव बरामद, हत्या की आशंका
जमशेदपुर, 26 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड के जमशेदपुर शहर के परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित कलियाडीह कैनाल से रविवार को 35 वर्षीय एक महिला का नग्न शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस उसकी शिनाख्त के साथ-साथ मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, रविवार को खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों की नजर कैनाल में तैर रहे शव पर पड़ी। इसके बाद तत्काल परसुडीह थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों के मुताबिक, महिला का शव नग्न अवस्था में पानी में तैर रहा था। उसके हाथों में मेहंदी लगी हुई थी। शव की स्थिति को देखकर स्थानीय लोगों ने हत्या की आशंका जताई है। कुछ लोगों का कहना था कि महिला के साथ किसी अप्रिय घटना के बाद शव को कैनाल में फेंका गया हो सकता है। हालांकि पुलिस ने फिलहाल किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया है और न ही किसी निष्कर्ष पर पहुंची है।
परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि महिला की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान किया जा रहा है।
थाना प्रभारी ने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह संभावना भी सामने आई है कि महिला का शव किसी अन्य स्थान से पानी के बहाव के साथ कैनाल तक पहुंचा हो। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस हत्या, दुर्घटना और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   26 July 2026 7:56 PM IST












