- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- फडणवीस ने दिल्ली जाने पर कहा- अभी...
अटकलें खारिज: फडणवीस ने दिल्ली जाने पर कहा- अभी महाराष्ट्र में हूं, उद्धव ठाकरे के बयानों का कोई असर नहीं- देश मोदी के साथ

Nagpur News. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उनके दिल्ली जाने और केंद्रीय राजनीति में भूमिका मिलने की अटकलों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि वह फिलहाल महाराष्ट्र में ही हैं। दरअसल, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई थी कि फडणवीस को दिल्ली बुलाया जा सकता है और उन्हें केंद्रीय शिक्षा मंत्री बनाया जा सकता है। शिवसेना (उद्धव गुट) के सांसद संजय राउत ने भी ऐसी संभावना जताई थी।
इन अटकलों के बीच रविवार को नागपुर में आयोजित महाआरोग्य शिविर के दौरान पत्रकारों से बातचीत में फडणवीस ने इन चर्चाओं पर विराम लगाने की कोशिश की। उन्होंने कहा, "अभी मैं नागपुर में हूं और शाम को मुंबई जाऊंगा।"
उद्धव ठाकरे के बयान बेअसर
मुख्यमंत्री फडणवीस ने उद्धव ठाकरे के भाजपा विरोधी बयानों पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों से ठाकरे इसी तरह के बयान देते आ रहे हैं, लेकिन उनका कोई प्रभाव नहीं पड़ा। पूरा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़ा है।
उन्होंने दावा किया कि रात एक बजे जारी प्रधानमंत्री मोदी के एक वीडियो ने इंस्टाग्राम पर वैश्विक रिकॉर्ड बनाया, जिससे स्पष्ट होता है कि जनता का समर्थन किसके साथ है।
ठाकरे बंधुओं के जश्न पर प्रतिक्रिया देते हुए फडणवीस ने कहा कि उन्हें खुशी है कि उन्हें जश्न मनाने का कोई कारण मिला। यह किसी व्यक्ति या सरकार का नहीं, बल्कि देश के युवाओं के भविष्य से जुड़ा मुद्दा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए आवश्यक निर्णय लिए हैं।
युवाओं के भविष्य के लिए आएगा कड़ा कानून
फडणवीस ने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए बेहद कठोर कानून लाने जा रही है। लोकसभा में जल्द ही एक महत्वपूर्ण विधेयक पेश किया जाएगा। ऐसा सख्त कानून देश और दुनिया के इतिहास में पहले कभी नहीं बना। प्रस्तावित कानून के लिए मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार भी जताया।
महाआरोग्य शिविर को बताया नागरिकों के लिए वरदान
मुख्यमंत्री फडणवीस ने शहर में आयोजित महाआरोग्य शिविर को नागरिकों के लिए बड़ी सौगात बताया। उन्होंने कहा कि शिविर में 50 हजार से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच का लक्ष्य रखा गया है। सरकारी और निजी अस्पतालों के विशेषज्ञ डॉक्टर इसमें सेवाएं दे रहे हैं और अब तक हजारों मरीजों की जांच हो चुकी है। उन्होंने बताया कि जिन मरीजों को विशेष उपचार की आवश्यकता होगी, उनके लिए भी मुफ्त इलाज की व्यवस्था की गई है। सरकारी और निजी क्षेत्र के विशेषज्ञ चिकित्सकों के एक साथ आने से नागरिकों को विभिन्न चिकित्सा सेवाएं पूरी तरह निःशुल्क मिल रही हैं।
Created On :   26 July 2026 8:01 PM IST














