- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की...
शुभारंभ: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की उपस्थिति में व्हाट्सऐप टिकटिंग सेवा का शुभारंभ, मुख्यमंत्री ने 579 कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे

Nagpur News. मनपा के 476 सफाई कर्मचारियों और सीधी सेवा से भर्ती 103 कर्मचारियों को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की उपस्थिति में नियुक्ति पत्र सौंपे। कार्यक्रम में 'आपली बस' की व्हाट्सऐप टिकटिंग सेवा का भी मुख्यमंत्री फडणवीस ने शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर नीता ठाकरे ने की। इस अवसर पर जिले के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, विधायक कृष्णा खोपड़े, मोहन मते, राज्य सफाई कामगार आयोग के अध्यक्ष शेरसिंह डागोर, उपमहापौर लीला हाथीबेड, स्थायी समिति की सभापति शिवानी दाणी, पूर्व विधायक संदीप जोशी, परिवहन समिति की सभापति मंगला खेकरे, स्वास्थ्य समिति की सभापति मनीषा अतकरे, आयुक्त डॉ. विपीन, अतिरिक्त आयुक्त अंकित तथा मरुगानंथम एम. समेत नगरसेवक एवं अधिकारी उपस्थित थे। आरंभ में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रिमोट के माध्यम से परिवहन विभाग की व्हाट्सऐप टिकटिंग सेवा का शुभारंभ किया।
लाड़-पागे समिति को सभी विभागों में लागू करने का निर्देश
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि लाड़-पागे समिति को वर्ष 1995 से लागू करने का प्रयास किया जा रहा था। लंबी लड़ाई और तकनीकी बाधाओं को पार करने के बाद राज्य में पहली बार नागपुर मनपा के सफाई कर्मचारियों के लिए इसे लागू किया गया। समिति की सिफारिशें केवल मनपा ही नहीं, बल्कि सभी सरकारी विभागों के सफाई कर्मचारियों के लिए लागू करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है।
मनपा में 17,981 कर्मचारियों के आकृतिबंध को मान्यता दी गई है। स्थापना व्यय की सीमा बढ़ाने के साथ पदभरती को भी मंजूरी दी गई है। शहर में सफाई कर्मचारियों को स्वच्छता दूत मानते हुए पहली बार 354 वर्गफीट के निःशुल्क घर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। इस घरकुल योजना का भूमिपूजन भी किया गया है। उन्होंने कहा कि शहर अब वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है। ऐसे में शहर के सुनियोजित विकास के लिए निधि की कमी नहीं होने दी जाएगी।
मनपा की वेस्ट-टू-वेल्थ और जलापूर्ति योजना सराहनीय : केंद्रीय मंत्री गडकरी
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति के लिए राज्य सरकार और मनपा के पदाधिकारियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि मनपा और शहर के विकास के लिए आय के स्रोत बढ़ाने की आवश्यकता है। सैन्य विभाग की 250 करोड़ रुपए मूल्य की जमीन पर ऑरेंज स्ट्रीट में अत्याधुनिक बाजार बनने से मनपा को करीब 1,500 करोड़ रुपए की आय होगी। इसके अलावा शहर में अन्य व्यापार संकुल भी स्थापित किए जा रहे हैं।उन्होंने मनपा के व्यापार संकुलों में ई-लाइब्रेरी, जलतरण तालाब समेत अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। भांडेवाड़ी में कचरा प्रबंधन से प्रतिदिन 25 टन सीबीजी गैस का उत्पादन होगा। वहीं 24×7 जलापूर्ति योजना के कारण शहर में जलसंकट को लेकर होने वाले आंदोलन अब बंद हो गए हैं।कार्यक्रम का प्रास्ताविक महापौर नीता ठाकरे ने किया और विभिन्न कार्यों की जानकारी दी। संचालन जनसंपर्क अधिकारी मनीष सोनी ने किया तथा आभार उपमहापौर लीला हाथीबेड ने माना।
निजी और सहकार क्षेत्र के अनुरूप स्किल विकसित करें स्वच्छता दूत
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मनपा मुख्यालय के हरियाली वाले परिसर की पुरानी यादों का उल्लेख किया। इस दौरान दर्शक दीर्घा में मौजूद मोतीराम नामक सफाई कर्मचारी को नाम लेकर संबोधित करते ही सभागार तालियों से गूंज उठा। इसके बाद मुख्यमंत्री फडणवीस ने सफाई कर्मचारियों से आह्वान किया कि शहर की बदलती आवश्यकताओं और गगनचुंबी इमारतों की सफाई की जरूरतों को देखते हुए वे अपनी स्किल विकसित करें। नई तकनीक और उन्नत स्किल के माध्यम से आय के नए अवसर भी प्राप्त किए जा सकते हैं।
Created On :   26 July 2026 8:45 PM IST













