धीमी गति कार्य: आयुक्त ने कहा - 1 माह में रास्ते का काम पूरा करें, अगली बैठक में सभी विभागों का समन्वय कर कार्य पूरे किए जाएंगे

आयुक्त ने कहा - 1 माह में रास्ते का काम पूरा करें, अगली बैठक में सभी विभागों का समन्वय कर कार्य पूरे किए जाएंगे
  • 28 जुलाई को बैठक में सभी विभागों का समन्वय कर कार्य पूरे किए जाएंगे
  • 1 माह में रास्ते का काम पूरा करें
  • नागरिकों को परेशानी से निजात दिलाना प्राथमिकता

Nagpur News. राज्य लोकनिर्माण विभाग के वर्ल्ड बैंक डिवीजन द्वारा प्रतापनगर में स्टॉर्म ड्रेन लाइन डालने का काम बेहद धीमी गति से किया जा रहा है। इसके चलते खामला पुरानी बस्ती, नेल्को कॉलोनी, सिंधी कॉलोनी, गणेश कॉलोनी और टेलीकॉम कॉलोनी के नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क का आधा हिस्सा बंद होने से बारिश के दौरान आवागमन प्रभावित हो रहा है।

नागरिकों को परेशानी से निजात दिलाना प्राथमिकता

मनपा स्थायी समिति के सभापति शिवानी दानी ने कहा कि प्रतापनगर में सोमलवार स्कूल के समीप राज्य लोकनिर्माण विभाग के वर्ल्ड बैंक डिवीजन को स्टॉर्म ड्रेन लाइन बिछाने का कार्य करना है। इसके बाद ही मनपा द्वारा सीवेज और पेयजल लाइन डाली जा सकेगी, लेकिन कार्य की धीमी गति से नागरिकों को भारी परेशानी हो रही है। ऐसे में 28 जुलाई को सभी संबंधित विभागों की बैठक लेकर समन्वय स्थापित किया जाएगा, ताकि नागरिकों की परेशानी दूर करते हुए निर्धारित समय में कार्य पूरा कराया जा सके।

करीब एक वर्ष पहले सड़क के एक हिस्से का काम शुरू किया गया था, लेकिन दूसरे हिस्से में वर्ल्ड बैंक डिवीजन द्वारा कार्य पूरा करने में लगातार देरी हो रही है। नागरिकों की शिकायत के बाद स्थायी समिति की सभापति शिवानी दानी और मनपा आयुक्त डॉ. विपिन ने संयुक्त रूप से स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद उन्होंने 28 जुलाई को विशेष बैठक बुलाने के निर्देश दिए, ताकि बीएसएनएल, महावितरण कंपनी समेत अन्य विभागों की केबल और यूटिलिटी शिफ्टिंग से जुड़ी बाधाओं को दूर कर समन्वय स्थापित किया जा सके। साथ ही अधिकारियों और ठेका एजेंसी को कार्य पूरा करने के लिए एक माह की समय-सीमा भी दी गई है।

शहर के पडोले चौक में जलजमाव की समस्या को रोकने के लिए आसपास के क्षेत्रों को जोड़ते हुए एक पंपिंग स्टेशन बनाया गया है। इस पंपिंग स्टेशन से स्टॉर्म ड्रेन का पानी पोहरा नदी में छोड़ा जाना है। इसके लिए लोकनिर्माण विभाग के वर्ल्ड बैंक डिवीजन को सड़क से लगभग पांच मीटर नीचे ड्रेनेज लाइन बिछानी है। इसके बाद मनपा द्वारा अमृत योजना के तहत सीवेज और पेयजल लाइन डाली जाएगी।

हालांकि, वर्ल्ड बैंक डिवीजन ने महावितरण कंपनी, बीएसएनएल तथा अन्य विभागों की यूटिलिटी शिफ्टिंग नहीं होने का हवाला देकर काम पूरा नहीं किया है। कार्य अधूरा रहने से बारिश के मौसम में नागरिकों को लगातार परेशानी उठानी पड़ रही है। इसी कारण स्थायी समिति की सभापति शिवानी दानी और आयुक्त डॉ. विपिन को लगातार शिकायतें मिलने के बाद उन्होंने निरीक्षण कर 28 जुलाई को सभी संबंधित विभागों की बैठक बुलाने का निर्णय लिया।



Created On :   26 July 2026 6:29 PM IST

Tags

Next Story