- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- शादी का झांसा देकर रेप करने वाला...
शिकंजा: शादी का झांसा देकर रेप करने वाला छिंदवाड़ा से फरार आरोपी नागपुर में धराया, लोकेशन पर पुलिस ने दबोचा

Nagpur News. छिंदवाड़ा पुलिस का फरार आरोपी नागपुर में छिपा हुआ था। बजाज नगर पुलिस की मदद से संयुक्त छापा मारकर उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी पर दुष्कर्म का आरोप है। आरोपी कपिल उर्फ सोनू राजेंद्रसिंह कुठारे (26), मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा का निवासी है। उसने 18 वर्षीय लड़की को शादी का झांसा देकर प्रेम संबंध में फंसा लिया। इसके बाद उसने उससे दुष्कर्म किया। बाद में आरोपी ने शादी करने से इनकार कर दिया। इससे पीड़िता ने उसके खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। इसके बाद से आरोपी फरार था।
आरोपी नागपुर आकर बजाज नगर थाना क्षेत्र में छिपा हुआ था। उसकी लोकेशन मिलने पर छिंदवाड़ा पुलिस गुरुवार को नागपुर पहुंची। आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए बजाज नगर पुलिस का सहयोग मांगा गया। इसके बाद बजाज नगर और छिंदवाड़ा पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमार कार्रवाई कर आरोपी कपिल को गिरफ्तार किया और उसे छिंदवाड़ा ले जाया गया।
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक चेतनसिंह चौहान के मार्गदर्शन में शिवाजी बोरकर, संजीव तायडे, योगेश्वर गायकवाड़, दीपक पवार, चंद्रशेखर तराले, सुरेंद्र शेंडे और रानी कराड़े ने यह कार्रवाई की।
Created On :   23 July 2026 8:29 PM IST












