Nagpur News: स्पोर्ट्स सेंटर के सामने एमडी ड्रग्स की डील, क्राइम ब्रांच ने दो तस्करों को दबोचा

स्पोर्ट्स सेंटर के सामने एमडी ड्रग्स की डील, क्राइम ब्रांच ने दो तस्करों को दबोचा
  • 9 ग्राम मेफेड्रोन, दो मोबाइल और बर्गमैन स्कूटर जब्त
  • अंबाझरी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

Nagpur News शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच की अमली पदार्थ विरोधी टीम ने अंबाझरी थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 9 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स, दो मोबाइल फोन और एक बर्गमैन स्कूटर सहित कुल 2.80 लाख रुपये का माल जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई बुधवार देर रात 11 बजे से गुरुवार तड़के 12.50 बजे के बीच धरमपेठ स्थित शिवाजीनगर के संगणक भवन के सामने स्थित स्पोर्ट्स सेंटर के पास सार्वजनिक सड़क पर की गई। गुप्त सूचना के आधार पर अमली पदार्थ विरोधी पथक ने दोनों संदिग्धों को घेरकर पंचों की मौजूदगी में तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से 9 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) बरामद हुई, जिसकी बाजार कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नावेद उर्फ नेहाब अहमद शेख (26), निवासी वंजारी नगर, अजनी तथा लखन हेमराज हीरणवार (21), निवासी गवलीपुरा, धरमपेठ के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन (करीब 70 हजार रुपये) और एक सुजुकी बर्गमैन स्कूटर (करीब 1.20 लाख रुपये) भी जब्त किया गया। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 2.80 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस हवालदार विवेक आढावु की शिकायत पर अंबाझरी थाने में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(क), 22(ब) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने एमडी ड्रग्स किससे खरीदी और इसे शहर में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। मामले की जांच अमली पदार्थ विरोधी पथक और अंबाझरी पुलिस संयुक्त रूप से कर रही है।


Created On :   23 July 2026 4:19 PM IST

Tags

Next Story