- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- नीट पेपर लीक को लेकर राजनीतिक...
दागे सवाल: नीट पेपर लीक को लेकर राजनीतिक घमासान, कांग्रेस के राजभवन मार्च में पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प

Nagpur News. नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच बुधवार को नागपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजभवन की ओर मार्च किया। प्रदर्शनकारियों को राजभवन में प्रवेश से रोकने के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
शिक्षामंत्री के इस्तीफे की मांग
कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर मामले में जवाबदेही से बचने का आरोप लगाया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रफुल्ल गुडधे ने कहा, "केंद्र सरकार इस मुद्दे पर चर्चा करने के लिए तैयार नहीं है। नीट परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं की जिम्मेदारी नहीं ली जा रही है और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा भी नहीं लिया गया है। इसी के विरोध में हमने राजभवन मार्च किया है।"
नीट परीक्षा के पेपर लीक के आरोपों को लेकर छात्रों में व्यापक नाराजगी देखी जा रही है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई के बाद उनका आक्रोश और बढ़ गया है। इस मुद्दे पर देश के विभिन्न हिस्सों में केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी हैं।
यह भी पढ़े -केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग, पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख ने राष्ट्रपति को लिखा पत्र
विपक्षी दल भी शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर सरकार पर दबाव बना रहे हैं। इस मुद्दे को लेकर संसद के भीतर और बाहर भी राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कई विपक्षी नेताओं ने छात्र आंदोलन के प्रति समर्थन व्यक्त किया है।
धक्का-मुक्की और झड़प
इसी क्रम में नागपुर में प्रफुल्ल गुडधे और कांग्रेस नेता सुनील केदार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता राजभवन की ओर बढ़े। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश के दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प हुई। पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया, जिसके बाद कार्यकर्ताओं में नाराजगी और बढ़ गई।
Created On :   22 July 2026 5:33 PM IST












