Nagpur News: विरोधी गैंग पर फायरिंग करने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार

विरोधी गैंग पर फायरिंग करने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार
  • पांचपावली पुलिस की कार्रवाई
  • पिस्टल, कार, स्कूटी और मोबाइल समेत 6.06 लाख का माल जब्त
  • फरार आरोपियों की तलाश जारी

Nagpur News पांचपावली पुलिस ने कमाल चौक में विरोधी गैंग पर जानलेवा हमला और फायरिंग करने वाले गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई मैगजीनयुक्त पिस्टल, जिंदा कारतूस, चाकू, कार, स्कूटी और चार मोबाइल फोन समेत 6 लाख 6 हजार 800 रुपये का माल जब्त किया गया है। मामले में फरार आरोपी जगदीश गोलले, राहुल और उनके अन्य साथियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई की रात करीब दो बजे शनिचरा मार्केट स्थित कमाल चौक पर किश ठाकुर के जन्मदिन के अवसर पर केक काटने के बाद कुछ युवक आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान विरोधी गैंग के सदस्य वहां पहुंचे और शिकायतकर्ता अजय सुमन विचलेदे (29) को अश्लील गालियां देते हुए धमकी दी कि, "तेरी वजह से मैं जेल गया। तूने एमडी मामले में पुलिस की मुखबिरी की है, तुझे जिंदा नहीं छोड़ूंगा।"

इसके बाद आरोपियों ने अजय पर हथियारों से हमला कर दिया। इसी दौरान एक आरोपी ने पिस्टल निकालकर उस पर तान दी। पिस्टल छीनने के दौरान दोनों के बीच हुई छीना-झपटी में गोली चल गई, जो जमीन में जा लगी। फायरिंग की आवाज सुनकर शिकायतकर्ता के साथी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी हथियार लेकर अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए।

घटना के बाद पांचपावली थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, गुप्त सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में राकेश नारायण गुरे (21), नामिकेत उर्फ छोटू भांजा केशव झाडे (19), मयूर उर्फ दात्या किशोर अडतिया, अंकित उर्फ बिट्टू सूर्यकांत चावटे (26) तथा चंद्रशेखर उर्फ चंदू सदाशिव पोनीकर (20) शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सिल्वर रंग की मैगजीनयुक्त पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, लोहे का चाकू, एक सफेद हुंडई कार, एक नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पांचपावली थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अनिरुद्ध पुरी, द्वितीय पुलिस निरीक्षक विवेक पडघान, उपनिरीक्षक प्रमोद सोनवणे तथा जांच टीम ने संयुक्त रूप से की। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।


Created On :   22 July 2026 4:21 PM IST

Tags

Next Story