Nagpur News: ट्रक चालक के घर प्रतिबंधित दवाइयों का जखीरा, 15,814 गोलियां जब्त

ट्रक चालक के घर प्रतिबंधित दवाइयों का जखीरा, 15,814 गोलियां जब्त
  • नागपुर ग्रामीण पुलिस की कार्रवाई
  • कार, दो मोबाइल और नकदी समेत 3.63 लाख का माल बरामद

Nagpur News नागपुर ग्रामीण पुलिस की मादक पदार्थ विरोधी टीम ने कन्हान में छापा मारकर प्रतिबंधित दवाइयों के अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने ट्रक चालक के घर से नशे के लिए इस्तेमाल की जाने वाली 15,814 प्रतिबंधित गोलियां बरामद की हैं। कार्रवाई के दौरान कार, दो मोबाइल फोन और नकदी सहित 3.63 लाख रुपये का माल जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान शोएब जब्बार अंसारी (40), निवासी कन्हान-कांद्री के रूप में हुई है। वह पेशे से ट्रक चालक है। मंगलवार रात नागपुर ग्रामीण पुलिस की मादक पदार्थ विरोधी टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने घर में बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयों का भंडारण कर उनकी बिक्री कर रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने घर की घेराबंदी कर छापा मारा। तलाशी के दौरान 'पियोन स्पास प्लस' नामक प्रतिबंधित दवा के 66 बॉक्स बरामद हुए। इनमें कुल 15,814 गोलियां थीं, जिनका वजन करीब 7.907 किलोग्राम बताया गया है।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह दर्द निवारक दवा है, लेकिन कुछ लोग इसका इस्तेमाल नशे के लिए करते हैं। यह दवा चिकित्सकीय पर्चे के बिना उपलब्ध नहीं कराई जा सकती। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि बरामद दवाइयां असली हैं या नकली तथा इनके अवैध कारोबार से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।

आरोपी के खिलाफ कन्हान थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। बुधवार दोपहर उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से आगे की पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड (पीसीआर) पर लिया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल मस्के तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी गायकवाड़ के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस निरीक्षक अजित सिंह देवरे, उपनिरीक्षक प्रवीण भिमटे, प्रवीण देव्हारे, प्रकाश ठाकरे, अमोल नागरे, अविनाश तोडसाम और अनिल खरडकेले सहित मादक पदार्थ विरोधी टीम ने की।



Created On :   22 July 2026 4:15 PM IST

Tags

Next Story