- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- हंसापुरी में 100 साल पुराना पेड़...
बूंदा-बांदी का दौर: हंसापुरी में 100 साल पुराना पेड़ धराशायी, कई स्थानों पर रास्ता बंद होने से परेशानी

Nagpur News. शहर में बुधवार को हुई बारिश के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरने और जलभराव की स्थिति बनी। हालांकि जलभराव से किसी को विशेष परेशानी नहीं हुई, लेकिन पेड़ गिरने से कई जगहों पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। मनपा के अग्निशमन दल के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर पेड़ों के अवशेष हटाए और यातायात सुचारु कराया। मेडिकल चौक पर बैंक ऑफ महाराष्ट्र के समीप, पांचपावली के गोंडपुरा परिसर, जापानी गार्डन रोड सहित कई स्थानों पर पेड़ गिरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
हंसापुरी में करीब 100 साल पुराना पीपल का पेड़ गिरने से क्षेत्र में आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ। भंडारा रोड के चौड़ीकरण के चलते हंसापुरी में जगह-जगह खुदाई की गई है। बुधवार सुबह अचानक यह विशाल पेड़ धराशायी हो गया, जिससे रास्ता पूरी तरह बंद हो गया। पेड़ गिरने से महावितरण के बिजली आपूर्ति के तार भी टूट गए, जिसके कारण क्षेत्र में करीब तीन घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। मनपा के उद्यान विभाग और गंजीपेठ अग्निशमन दल के कर्मचारियों ने पेड़ के अवशेष काटकर हटाए, जिसके बाद दोपहर में आवागमन सुचारु हो सका। बिजली आपूर्ति बाधित होने और रास्ता बंद रहने से नागरिकों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
प्रशासन पर पेड़ को कमजोर करने का आरोप
बुधवार सुबह करीब 10 बजे हंसापुरी की पहचान माने जाने वाले गांजा खेत रोड पर स्थित हेरिटेज श्रेणी का करीब 100 साल पुराना पीपल का पेड़ गिर गया। यह पेड़ व्यापारी राकेश अग्रवाल के खाली मकान पर गिरा, जिससे संपत्ति का नुकसान हुआ। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि भंडारा रोड के चौड़ीकरण के दौरान पेड़ के आसपास की गई खुदाई से उसकी जड़ें कई स्थानों पर कट गई थीं, जिससे पेड़ कमजोर हो गया था। नागरिक नवीन श्रीवास का कहना है कि जड़ों के कमजोर होने और लगातार बारिश के कारण यह हेरिटेज पेड़ धराशायी हो गया।
Created On :   22 July 2026 4:58 PM IST













