- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- कैंसर से त्रस्त मां-बेटे की जहर...
दर्दनाक: कैंसर से त्रस्त मां-बेटे की जहर गटकने से मौत, सुसाइड नोट के आधार पर प्रकरण दर्ज - बरामद सुसाइड नोट के आधार पर जांच

Nagpur News. जलालपुरा में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गंभीर बीमारी से त्रस्त मां और बेटे ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ सेवन कर आत्महत्या कर ली। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मौके से बरामद सुसाइड नोट के आधार पर कोतवाली थाना पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का प्रकरण दर्ज किया है। मृतकों की पहचान अमया अनंता कानखोजे (52) और उनके बेटे अद्वैत अनंता कानखोजे (33) के रूप में हुई है। दोनों जलालपुरा स्थित श्री गुरु माउली अपार्टमेंट में रहते थे। अमया रेलवे में कार्यरत थीं और उन्हें अनुकंपा के आधार पर नौकरी मिली थी। उनका दूसरा बेटा यश हैदराबाद में रहता है। बताया गया है कि अमया ब्रेस्ट कैंसर से पीड़ित थीं। वह चल-फिर सकती थीं, जबकि उनका बेटा अद्वैत लंबे समय से बिस्तर पर था। दोनों की देखभाल के लिए एक केयरटेकर रखा गया था।
यह भी पढ़े -28 जुलाई को जोन कार्यालयों की संख्या 10 से 12 करने और डायग्नोस्टिक सेंटर के प्रस्ताव पर होगी चर्चा
पड़ोसी अभिषेक कलमकर ने बताया कि कानखोजे परिवार का किसी से अधिक संपर्क नहीं था। इस कारण उनके बारे में लोगों को ज्यादा जानकारी नहीं थी। यश ने मंगलवार को अपनी मां को कई बार फोन किया, लेकिन फोन नहीं उठने पर उसे अनहोनी की आशंका हुई। उसने एक परिचित और क्षेत्र के पार्षद से घर जाकर देखने का अनुरोध किया। फ्लैट के चैनल गेट पर बाहर से ताला लगा था, जबकि पीछे का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस की मौजूदगी में ताला तोड़कर जब घर के अंदर प्रवेश किया गया तो दोनों मां-बेटे मृत अवस्था में पड़े मिले। पास में जहरीले पदार्थ की एक बोतल भी मिली।
यह भी पढ़े -शिवसेना उद्धव के बागी सांसदों का शिंदे गुट में विलय मामले में लोकसभा कार्यालय को नोटिस जारी कर मांगा जवाब
प्राथमिक जांच में आशंका जताई गई है कि दोनों ने जहरीला पदार्थ सेवन कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला, जिसमें बीमारी से परेशान होकर आत्मघाती कदम उठाने का उल्लेख किया गया है। नोट में यह भी लिखा गया है कि उनकी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार न ठहराया जाए।
सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने मामले को आकस्मिक मृत्यु के रूप में दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
Created On :   22 July 2026 7:31 PM IST











