- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- 28 जुलाई को जोन कार्यालयों की...
मनपा की आमसभा: 28 जुलाई को जोन कार्यालयों की संख्या 10 से 12 करने और डायग्नोस्टिक सेंटर के प्रस्ताव पर होगी चर्चा

Nagpur News. महानगरपालिका की आमसभा का आयोजन 28 जुलाई को सुबह 11 बजे कवि सुरेश भट सभागृह में किया गया है। सभा के लिए जारी एजेंडे में कई महत्वपूर्ण विषय शामिल किए गए हैं। इनमें सबसे अहम प्रस्ताव शहर में मनपा के 10 जोन कार्यालयों की संख्या बढ़ाकर 12 करने का है। इस संबंध में भाजपा के वरिष्ठ नगरसेवक सुधीर (बंडू) राउत ने सवाल उठाया है। उन्होंने शहर की बढ़ती आबादी और शहरी विस्तार को देखते हुए छोटे-छोटे जोन कार्यालय बनाने पर जोर दिया है। फिलहाल मनपा के 227 वर्ग किलोमीटर के अधिकार क्षेत्र में 10 जोन कार्यालय संचालित हो रहे हैं, लेकिन बड़े कार्यक्षेत्र के कारण प्रशासनिक दिक्कतें सामने आ रही हैं। हालांकि इस प्रस्ताव से मनपा पर आर्थिक और प्रशासनिक बोझ बढ़ने के साथ नई सुविधाएं विकसित करने, अतिरिक्त कर्मचारियों की नियुक्ति और खर्च बढ़ने की संभावना भी है।
यह भी पढ़े -पीएम मोदी पर शिवसेना उद्धव प्रमुख ठाकरे ने कसा तंज, बोले - जन की बात न सुनना प्रजातंत्र नहीं
इस प्रस्ताव के लागू होने पर 38 प्रभागों का पुनर्विभाजन कर जोन स्तर पर नई समितियों का गठन करना पड़ेगा। इससे पहले वर्ष 2012-13 में भी इस संबंध में प्रस्ताव पर चर्चा हुई थी। तत्कालीन मनपा आयुक्त श्याम वर्धने ने जोन की संख्या बढ़ाने का समर्थन किया था, लेकिन प्रशासन ने राज्य सरकार को इसके क्रियान्वयन को रोकने की सलाह दी थी। प्रशासन का मानना था कि बेहतर नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए 10 जोन कार्यालय पर्याप्त हैं।
दूसरा महत्वपूर्ण प्रस्ताव पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर इंटीग्रेटेड डायग्नोस्टिक सेंटर और डायलिसिस सेंटर स्थापित करने का है। आमसभा में इस प्रस्ताव को मंजूरी के लिए रखा जाएगा। प्रस्ताव के अनुसार, आइसोलेशन अस्पताल की 10,496.50 वर्ग मीटर भूमि में से 2,690 वर्ग मीटर खाली जमीन 30 वर्ष के लिए निजी संस्था को लीज पर दी जाएगी। इसके लिए संस्था को प्रति वर्ग फुट प्रतिवर्ष एक रुपये की दर से लीज शुल्क देना होगा।
मनपा द्वारा इस परियोजना के लिए आमंत्रित निविदा प्रक्रिया में दो संस्थाओं के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें भवानीमाता सेवा समिति तथा स्व. भानुताई गडकरी मेमोरियल एवं मानस एग्रो इंडस्ट्रीज एंड इंफ्रा लिमिटेड की संयुक्त बोली सबसे ऊंची बताई गई है।
Created On :   22 July 2026 7:18 PM IST











