लोकसभा: गडकरी ने कहा - एनएच के विकास के लिए 45,971 करोड़ की लागत से 102 परियोजनाओं को मंजूरी

गडकरी ने कहा - एनएच के विकास के लिए 45,971 करोड़ की लागत से 102 परियोजनाओं को मंजूरी
  • महाराष्ट्र के जनजातीय और दूरस्थ जिलों में परियोजनाओं का लाभ
  • नंदुरबार जिले में 2,824 करोड़ की 4 परियोजना शामिल

New Delhi News. केंद्र सरकार ने महाराष्ट्र के जनजातीय और दूरस्थ जिलों में विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्गों (एनएच) के विकास हेतु 45,971 करोड़ रुपए की लागत से 102 परियोजनाओं को स्वीकृति दी है, जिनमें चालू वर्ष सहित पिछले तीन वर्षों में नंदुरबार जिले में 2,824 करोड़ रुपए की लागत से 4 परियोजनाएं शामिल हैं।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान यह जानकारी दी। नंदुरबार से लोकसभा सदस्य गोवल पाडवी के पूछे गए एक प्रश्न के लिखित उत्तर में गडकरी ने कहा कि उक्त के अतिरिक्त, सरकार ने महाराष्ट्र के जनजातीय और दूरस्थ जिलों में विभिन्न राज्य सड़कों के विकास के लिए 3198 करोड़ रुपए की लागत वाली 173 परियोजनाओं को भी अनुमोदित किया है, जिनमें केंद्रीय सड़क और अवसंरचना कोष (सीआरआईएफ) के तहत नंदुरबार जिले में 48 करोड़ रुपए की लागत वाली 4 परियोजनाएं शामिल हैं।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि ग्रामीण सड़कों के विकास कार्यों को ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत स्वीकृत किया जाता है। महाराष्ट्र सरकार द्वारा दी गई जानकारी दे अनुसार, केंद्र सरकार ने भी महाराष्ट्र के जनजातीय और दूरस्थ जिलों में ग्रामीण सड़कों के विकास के लिए 886 करोड़ रुपए की लागत वाली 256 परियोजनाओं को मंजूरी दी है, जिनमें चालू वर्ष सहित पिछले तीन वर्षों में पीएमजीएसवाई के तहत नंदुरबार जिले में 21.51 करोड़ रुपए की लागत वाली 2 परियोजनाएं शामिल हैं।

Created On :   23 July 2026 6:56 PM IST

Tags

Next Story