पहला सोलर ग्राम: पिपरी बना जिले का पहला सोलर ग्राम, घरों के साथ स्कूल और स्ट्रीट लाइटें भी सौर ऊर्जा से होंगी रोशन

पिपरी बना जिले का पहला सोलर ग्राम, घरों के साथ स्कूल और स्ट्रीट लाइटें भी सौर ऊर्जा से होंगी रोशन
  • पिपरी गांव जिले का पहला सोलर ग्राम बन गया
  • गांव के घरों, स्कूल और स्ट्रीट लाइटों की बिजली आवश्यकता सौर ऊर्जा से पूरी होगी

Nagpur News. जिले की हिंगना तहसील का पिपरी गांव जिले का पहला सोलर ग्राम बन गया है। अब गांव के घरों, स्कूल और स्ट्रीट लाइटों की बिजली आवश्यकता सौर ऊर्जा से पूरी होगी। गांव में 30 घरेलू उपभोक्ता, एक स्कूल और स्ट्रीट लाइट सहित कुल 32 उपभोक्ता हैं। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, राज्य सरकार की स्वयंपूर्ण महाराष्ट्र आवासीय रूफटॉप सोलर योजना तथा एक एनजीओ के सहयोग से यह परियोजना साकार हो सकी है।

‘सोलरग्राम’ परियोजना का उद्घाटन गुरुवार को विधायक समीर मेघे के हाथों किया गया। इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनायक महामुनि, महावितरण के मुख्य अभियंता राजेश नाईक, अधीक्षक अभियंता प्रफुल लांडे, एसडब्ल्यूए कैल्डरीज के निदेशक सत्येंद्र कुमार, मुंबई यूनियन कार्यालय के अधीक्षक अभियंता स्वप्निल गोतमारे, कार्यकारी अभियंता प्रशांत टेंभेकर, संजय श्रृंगारे, सरपंच सरिता करनाके तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे।

सभी उपभोक्ताओं के घरों पर रूफटॉप सोलर पैनल लगाए गए हैं। 30 घरेलू उपभोक्ताओं में से 23 ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना और 8 ने स्वयंपूर्ण महाराष्ट्र आवासीय रूफटॉप सोलर योजना का लाभ लिया है। पिपरी गांव की बिजली जरूरत अब मुख्य रूप से सौर ऊर्जा से पूरी हो रही है। गांव में स्थापित सौर पैनलों की कुल क्षमता 39 किलोवाट है।

पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर दबाव कम करने और पर्यावरण-अनुकूल व टिकाऊ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पिपरी गांव ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने के साथ ग्रामीण विकास का एक आदर्श मॉडल भी बनकर उभरा है। गांव को 100 प्रतिशत सौर ऊर्जा आधारित बनाने में महावितरण के अधिकारियों और कर्मचारियों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। कार्यक्रम में प्रास्ताविक उपकार्यकारी अभियंता प्रशांत चरपे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन मनोज पुरी ने किया।

Created On :   23 July 2026 8:17 PM IST

Tags

Next Story