झारखंड के 13 शहरों में भाजपा समर्थित मेयर-अध्यक्ष बने, 11 शहरों में झामुमो का झंडा लहराया, 18 निकायों में स्वतंत्र प्रत्याशियों की जीत
रांची, 28 फरवरी (आईएएनएस)। झारखंड के 48 शहरी निकायों में हुए चुनाव के 47 परिणाम घोषित हो चुके हैं और तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई है। घोषित नतीजों के अनुसार, अब तक भाजपा-समर्थित प्रत्याशियों ने 13 नगर निकायों में जीत दर्ज की है, झामुमो-समर्थित उम्मीदवार 11 निकायों में विजयी रहे हैं, कांग्रेस-समर्थित प्रत्याशी तीन स्थानों पर जीते हैं, जबकि निर्दलीय उम्मीदवारों ने सर्वाधिक 18 निकायों पर कब्जा जमाया है।
इसके अलावा एक सीट सीपीआई(एमएल) समर्थित प्रत्याशी के खाते में गई है। नौ नगर निगमों में से आठ में मेयर पद के परिणाम घोषित हो चुके हैं। रांची नगर निगम में भाजपा समर्थित रोशनी खलखो ने कांग्रेस समर्थित रमा खलखो को पराजित किया। मेदिनीनगर में भाजपा समर्थित अरुणा शंकर ने कांग्रेस समर्थित नम्रता त्रिपाठी को हराया।
हजारीबाग में स्वतंत्र प्रत्याशी अरविंद राणा ने जीत दर्ज की। देवघर में झामुमो समर्थित रवि राउत विजयी रहे, जबकि गिरिडीह में झामुमो समर्थित प्रमिला मेहरा ने जीत हासिल की। आदित्यपुर में भाजपा समर्थित संजय सरदार ने बाजी मारी और मानगो नगर निगम में कांग्रेस समर्थित सुधा गुप्ता विजयी रहीं। धनबाद नगर निगम में स्वतंत्र प्रत्याशी संजीव सिंह झामुमो समर्थित चंद्रशेखर अग्रवाल पर बढ़त बनाए हुए हैं और अंतिम परिणाम की प्रतीक्षा है।
वहीं 39 छोटे शहरी निकायों, नगर पंचायत और नगर परिषद के परिणाम भी सामने आ चुके हैं। इनमें 17 पर निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे, 10 पर भाजपा समर्थित, 9 पर झामुमो समर्थित, 2 पर कांग्रेस समर्थित और 1 पर सीपीआई(एमएल) समर्थित प्रत्याशी ने जीत दर्ज की। नगर पंचायत अध्यक्ष पद के तहत हुसैनाबाद से अजय भारती, हरिहरगंज से कुमारी शीला चौधरी, छत्तरपुर से अरविंद गुप्ता, श्री बंशीधरनगर से साधना देवी, मझिआंव से सुमित्रा देवी, कोडरमा से साजिद हुसैन लल्लू, बासुकीनाथ से वीणा देवी और जामताड़ा से आशा गुप्ता निर्दलीय के रूप में जीते।
भाजपा समर्थित विजेताओं में लातेहार से महेश सिंह, डोमचांच से उमेश वर्मा, बड़कीसरैया से शोभा देवी, महागामा से प्रबोध सोरेन, बरहरवा से अर्पिता दास और खूंटी से रानी टुटी शामिल हैं। झामुमो समर्थित प्रत्याशियों में राजमहल से केताबुद्दीन, बुंडू से जितेंद्र उरांव, सरायकेला से मनोज कुमार चौधरी और चाकुलिया से सोमवारी सोरेन विजयी रहे, जबकि धनवार से विनय कुमार सांथालिया सीपीआई(एमएल) समर्थित प्रत्याशी के रूप में निर्वाचित हुए।
नगर परिषद अध्यक्ष पद के परिणामों में गढ़वा से आशीष सोनी, विश्रामपुर से गीता देवी, चतरा से अताउर रहमान, झुमरीतिलैया से रमेश हर्षधर, गोड्डा से सुशील रमानी, पाकुड़ से शबरी पाल, चिरकुंडा से सुनीता देवी, सिमडेगा से ओलिवर लकड़ा और कपाली से परवेज आलम निर्दलीय श्रेणी में जीते। भाजपा समर्थित उम्मीदवारों में मधुपुर से मीति कुमारी, मिहिजाम से जयश्री देवी, लोहरदगा से अनिल उरांव और गुमला से शकुंतला उरांव विजयी रहे।
झामुमो समर्थित प्रत्याशियों में साहिबगंज से रामनाथ पासवान, दुमका से अभिषेक चौरसिया, चक्रधरपुर से शनि उरांव, चाईबासा से नितिन प्रकाश और जुगसलाई से नौशान खान ने जीत दर्ज की। कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों में फुसरो से निर्मला देवी और रामगढ़ से कुसुमलता कुमारी निर्वाचित हुईं। घोषित परिणामों से स्पष्ट है कि राज्य के शहरी निकायों में इस बार बहुकोणीय मुकाबला रहा और मतदाताओं ने स्थानीय मुद्दों, व्यक्तिगत छवि और जमीनी सक्रियता को अहमियत दी।
--आईएएनएस
एसएनसी/एएस
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 Feb 2026 11:58 AM IST












