झारखंड के खूंटी में 50 लाख का नशीला पदार्श बरामद, दो गिरफ्तार

झारखंड के खूंटी में 50 लाख का नशीला पदार्श बरामद, दो गिरफ्तार
झारखंड के खूंटी जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को लगातार दूसरे दिन बड़ी सफलता मिली है। अड़की थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध डोडा (अफीम बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल) बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

खूंटी, 26 मार्च (आईएएनएस)। झारखंड के खूंटी जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को लगातार दूसरे दिन बड़ी सफलता मिली है। अड़की थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध डोडा (अफीम बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल) बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। सूचना थी कि अड़की थाना अंतर्गत ग्राम नौढ़ी के बाबू टोली में अंकित हजाम और लालू हजाम के घर में बड़ी मात्रा में डोडा छिपाकर रखा गया है। सूचना के सत्यापन के बाद थाना प्रभारी प्रवीण कुमार तिवारी के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने गुरुवार दोपहर करीब एक बजे मौके पर पहुंचकर घर की घेराबंदी की और तलाशी अभियान शुरू किया।

इस दौरान मौके पर मौजूद युवक ने अपनी पहचान अंकित हजाम उर्फ साजु ठाकुर के रूप में बताई। पूछताछ में उसने अपने भाई लालू हजाम के साथ मिलकर डोडा के अवैध कारोबार में संलिप्त होने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घर से कुल 21 बोरा में 330.21 किलोग्राम डोडा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 49.53 लाख रुपए आंकी गई है। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर दूसरे आरोपी लालू हजाम को भी गिरफ्तार कर लिया।

इस संबंध में अड़की थाना में कांड संख्या 07/26 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट 1985 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रवीण कुमार तिवारी, सब-इंस्पेक्टर मनीष कुमार और कुंदन कुमार सहित अड़की थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

इससे एक दिन पूर्व, 25 मार्च को जरियागढ़ थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने 39.79 किलोग्राम डोडा और 6.320 किलोग्राम अफीम बरामद किया था, जिसकी कीमत लगभग 36 लाख रुपए बताई गई थी। उस मामले में चार आरोपियों संतोष आईंद, जीवन जशमन आईंद उर्फ लेबरे, महादेव टुटी उर्फ मनीष और जाठा संगा उर्फ मुकटरा संगा को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   26 March 2026 4:27 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story