झारखंड खूंटी में पीएलएफआई के तीन हार्डकोर उग्रवादी गिरफ्तार, रेलवे साइट पर फायरिंग और आगजनी में थे शामिल

झारखंड खूंटी में पीएलएफआई के तीन हार्डकोर उग्रवादी गिरफ्तार, रेलवे साइट पर फायरिंग और आगजनी में थे शामिल
झारखंड के खूंटी जिले की पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने संगठन के तीन सक्रिय हार्डकोर सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जो इलाके में लेवी वसूली और दहशत फैलाने की योजना बना रहे थे।

खूंटी, 7 मई (आईएएनएस)। झारखंड के खूंटी जिले की पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने संगठन के तीन सक्रिय हार्डकोर सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जो इलाके में लेवी वसूली और दहशत फैलाने की योजना बना रहे थे।

गिरफ्तार उग्रवादियों की पहचान सैमुएल गुड़िया (20 वर्ष), धीरज स्वांसी (19 वर्ष) और सुनील स्वांसी (28 वर्ष) के रूप में हुई है। खूंटी के पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने बताया कि उन्हें मुरहू के जंगलों में पीएलएफआई सदस्यों की गुप्त बैठक और संगठन विस्तार की योजना को लेकर सटीक सूचना मिली थी।

सूचना के आधार पर तोरपा एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने जंगल में घेराबंदी कर तीनों को धर दबोचा। पुलिस ने इनके पास से एक देशी कट्टा, 8 एमएम के जिंदा कारतूस, पीएलएफआई के पर्चे, मोबाइल फोन और अन्य संदिग्ध सामान बरामद किया है।

पूछताछ के दौरान गिरफ्तार उग्रवादियों ने कई गंभीर आपराधिक वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उन्होंने कुबूल किया कि बीते 30 अप्रैल को कर्रा थाना क्षेत्र के कटमकुकू में रेलवे निर्माण कार्य में लगे वाहनों पर फायरिंग और आगजनी की घटना को उन्होंने ही अंजाम दिया था।

इसके अलावा, तोरपा थाना क्षेत्र में गैस सप्लाई वाहन पर हुई गोलीबारी में भी इनकी भूमिका रही है। इन सभी मामलों में जिले के विभिन्न थानों में प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस ने उनसे संगठन के कई अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी हासिल की है। इसके आधार पर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

इस सफल ऑपरेशन में कर्रा, तोरपा और जरियागढ़ थाना प्रभारी समेत पुलिस बल के जवान शामिल थे। एसपी ऋषभ गर्ग ने कहा कि जिले में उग्रवादियों के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   7 May 2026 5:03 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story