झारखंड खूंटी में ट्रक से कुचलकर सात लोगों की मौतों के बाद फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, सड़क जाम

खूंटी, 6 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के खूंटी जिले के कर्रा में भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत के बाद शुक्रवार सुबह ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने कर्रा रेलवे फाटक के पास टायर जलाकर मुख्य सड़क जाम कर दी। इससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई।
प्रदर्शनकारी हादसे के लिए जिम्मेदार ट्रेलर चालक की तत्काल गिरफ्तारी, मृतकों के परिजनों को सरकारी नौकरी और उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं। गुरुवार रात करीब 10 बजे कर्रा-तोरपा मुख्य सड़क पर जोने-लुदरू मोड़ के पास एक स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। स्कूटी सवार की मदद के लिए आसपास के ग्रामीण सड़क किनारे जुटे थे। इसी दौरान तोरपा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे 18 पहिए वाले ट्रेलर-ट्रक ने वहां मौजूद लोगों को कुचल दिया था।
हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि 12 वर्षीय एक बच्चे ने खूंटी सदर अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। इस दुर्घटना में एक बच्ची घायल हुई है। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने कर्रा रेलवे फाटक के पास सड़क पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका कहना था कि जोने-लुदरू मोड़ पर अंधेरा और सड़क की स्थिति दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ाती है। इसके बावजूद भारी वाहन तेज रफ्तार से गुजरते हैं।
ग्रामीणों ने इस स्थान पर सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की भी मांग की। सड़क जाम की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें समझाने की कोशिश की। सरकारी प्रावधानों के तहत पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता और मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया गया।
जाम हटाने के लिए बातचीत जारी रही। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई। इधर, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा कि खूंटी के कर्रा में सड़क दुर्घटना में सात लोगों की मौत की खबर से उनका मन व्यथित है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने मारांग बुरु से दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवारों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
