हजारीबाग में पुलिस मुठभेड़ में राहुल दुबे गैंग के गुर्गे अंशु दुबे को पैर में लगी गोली, हथियार के साथ गिरफ्तार

हजारीबाग में पुलिस मुठभेड़ में राहुल दुबे गैंग के गुर्गे अंशु दुबे को पैर में लगी गोली, हथियार के साथ गिरफ्तार
झारखंड के हजारीबाग जिले के उरीमारी थाना क्षेत्र के करमाटिला जंगल में गुरुवार देर रात पुलिस और राहुल दुबे गिरोह के एक सदस्य के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में गिरोह का कथित सक्रिय सदस्य अंशु दुबे (22) घायल हो गया। उसके बाएं पैर में गोली लगी है।

हजारीबाग, 6 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के हजारीबाग जिले के उरीमारी थाना क्षेत्र के करमाटिला जंगल में गुरुवार देर रात पुलिस और राहुल दुबे गिरोह के एक सदस्य के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में गिरोह का कथित सक्रिय सदस्य अंशु दुबे (22) घायल हो गया। उसके बाएं पैर में गोली लगी है।

पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने मौके से एक पिस्टल, कारतूस, खोखा, मोबाइल फोन और राहुल दुबे गिरोह के दो पर्चे भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, अंशु दुबे झारखंड के गढ़वा जिले के दुबे मराठिया गांव का रहने वाला है। वह उरीमारी क्षेत्र में हाल में हुई गोलीबारी की घटना में शामिल था।

पुलिस के मुताबिक, 26 अक्टूबर की रात उरीमारी स्थित सैनिक माइनिंग कंपनी के गेट पर तैनात निजी सुरक्षाकर्मी पर गोलीबारी की गई थी। रंगदारी नहीं मिलने पर हुई इस फायरिंग में सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटनास्थल पर राहुल दुबे गिरोह का पर्चा भी फेंका गया था। इस मामले में बड़कागांव (उरीमारी) थाना में 27 अक्टूबर को राहुल दुबे और गिरोह के अज्ञात सदस्यों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

हजारीबाग के एसपी अमन कुमार ने बताया कि मामले के उद्भेदन और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बड़कागांव के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित आनंद के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई थी। जांच के दौरान अंशु दुबे की भूमिका सामने आने पर उसे पूछताछ के लिए उरीमारी ओपी लाया गया।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में उसने 26 अक्टूबर की रात हुई गोलीबारी में गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ शामिल होने की बात बताई। उसने घटना में इस्तेमाल हथियार और बचे हुए पर्चे करमाटिला जंगल में छिपाकर रखने की जानकारी भी दी। पुलिस के अनुसार, अंशु दुबे की निशानदेही पर एसआईटी उसे हथियार बरामद करने के लिए जंगल ले गई थी। वहां तलाशी के दौरान उसने अचानक पुलिसकर्मियों को धक्का दिया और छिपाकर रखे हथियार से पुलिस बल पर गोली चला दी। इसके बाद उरीमारी ओपी प्रभारी ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें अंशु के बाएं पैर में गोली लगी।

पुलिस ने मौके से 7.62 एमएम की एक पिस्टल, इसी बोर की दो जिंदा गोलियां, एक खोखा, राहुल दुबे गिरोह के दो पर्चे और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम का नेतृत्व एसडीपीओ अमित आनंद कर रहे थे। टीम में बड़कागांव के पुलिस निरीक्षक शाहिद रजा, गिद्दी थाना प्रभारी इकबाल हुसैन, उरीमारी ओपी प्रभारी रथु उरांव, कोर्रा थाना प्रभारी नेमधारी रजक और केरेडारी थाना प्रभारी वेदप्रकाश पांडेय सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story