झारखंड को पांच साल बाद मिला लोकायुक्त, जस्टिस अमिताभ गुप्ता को राज्यपाल ने दिलाई शपथ
रांची, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड को नया लोकायुक्त मिल गया है। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने मंगलवार को रांची स्थित लोक भवन के दरबार हॉल में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में झारखंड हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश अमिताभ कुमार गुप्ता को राज्य के लोकायुक्त पद की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण के बाद राज्यपाल ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके सफल कार्यकाल की कामना की। समारोह की शुरुआत में राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने लोकायुक्त पद पर नियुक्ति से संबंधित वारंट पढ़ा। इसके बाद राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव नितिन कुलकर्णी ने नवनियुक्त लोकायुक्त को शपथ के लिए आमंत्रित किया।
झारखंड में लोकायुक्त का पद जून 2021 से खाली था और लगभग पांच वर्षों बाद इस महत्वपूर्ण संवैधानिक पद पर नियुक्ति हुई है। इससे राज्य में प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर नई उम्मीदें जगी हैं। उल्लेखनीय है कि इसी महीने की शुरुआत में झारखंड उच्च न्यायालय ने राज्य सरकार को लोकायुक्त सहित अन्य संवैधानिक पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया था, जिसके बाद 16 अप्रैल को राज्यपाल ने अमिताभ कुमार गुप्ता की नियुक्ति को मंजूरी दी थी।
नवनियुक्त लोकायुक्त अमिताभ कुमार गुप्ता का जन्म 31 मई 1959 को हुआ था। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के विधि संकाय से एलएलबी और स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की। उन्होंने 11 जून 1997 को बिहार उच्च न्यायिक सेवा में अतिरिक्त जिला न्यायाधीश के रूप में अपने न्यायिक करियर की शुरुआत की। वर्ष 2013 में उन्हें झारखंड हाईकोर्ट में अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया और 30 मई 2021 को वे सेवानिवृत्त हुए।
लोकायुक्त के शपथ ग्रहण के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, रांची की महापौर रौशनी खलखो, पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा और अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल समेत कई वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
--आईएएनएस
एसएनसी/पीएम
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 April 2026 3:09 PM IST












