झारखंडः लातेहार में पुलिस ड्यूटी मीट, अपराध के बदलते तौर-तरीकों से निपटने पर जोर

झारखंडः लातेहार में पुलिस ड्यूटी मीट, अपराध के बदलते तौर-तरीकों से निपटने पर जोर
अपराध के बदलते तौर-तरीकों और तकनीक आधारित चुनौतियों से निपटने की तैयारी के बीच झारखंड के लातेहार में बुधवार से तीन दिवसीय पलामू प्रमंडल स्तरीय क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मीट की शुरुआत हुई। इसमें लातेहार, पलामू और गढ़वा जिलों के पुलिस अधिकारी और जवान हिस्सा ले रहे हैं।

लातेहार, 17 जून (आईएएनएस)। अपराध के बदलते तौर-तरीकों और तकनीक आधारित चुनौतियों से निपटने की तैयारी के बीच झारखंड के लातेहार में बुधवार से तीन दिवसीय पलामू प्रमंडल स्तरीय क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मीट की शुरुआत हुई। इसमें लातेहार, पलामू और गढ़वा जिलों के पुलिस अधिकारी और जवान हिस्सा ले रहे हैं।

लातेहार टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन पलामू प्रक्षेत्र के डीआईजी कौशल किशोर और लातेहार के एसपी कुमार गौरव ने किया। इस मौके पर डीआईजी कौशल किशोर ने कहा कि अपराध की दुनिया तेजी से बदल रही है। साइबर ठगी, डिजिटल अपराध और तकनीक के इस्तेमाल से होने वाली वारदातों ने पुलिस के सामने नई चुनौतियां खड़ी की हैं। ऐसे में जरूरी है कि पुलिसकर्मी भी नई तकनीकों और जांच के आधुनिक तरीकों से खुद को लगातार अपडेट रखें।

उन्होंने कहा कि कई मामलों में मजबूत साक्ष्य और बेहतर जांच ही अपराधियों को सजा तक पहुंचाने में सबसे अहम भूमिका निभाती है, इसलिए पुलिसिंग में तकनीक और वैज्ञानिक तरीकों का इस्तेमाल लगातार बढ़ाना होगा। तीन दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में साइबर अपराध की जांच, फॉरेंसिक तकनीक, डिजिटल साक्ष्य जुटाने के तरीके और अनुसंधान से जुड़े कई विषयों पर चर्चा होगी।

प्रतिभागियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि वे अपने दैनिक कार्यों में इन तकनीकों का बेहतर इस्तेमाल कर सकें। आयोजकों के अनुसार ड्यूटी मीट केवल प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं है, बल्कि विभिन्न जिलों के पुलिसकर्मियों के लिए अपने अनुभव साझा करने और एक-दूसरे से सीखने का भी अवसर है।

कार्यक्रम के दौरान तकनीकी सत्रों के साथ कई प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से जांच की गुणवत्ता बेहतर होगी और अपराधों के खुलासे में भी मदद मिलेगी। साथ ही पुलिसकर्मी नए तरह के अपराधों से निपटने के लिए अधिक तैयार हो सकेंगे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   17 Jun 2026 5:03 PM IST

Tags

Next Story