झारखंड के लातेहार में ट्रक की टक्कर से जीजा-साले की मौत
लातेहार, 16 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड के लातेहार जिले में गुरुवार को एनएच-75 पर हुए एक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार जीजा और साले की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक सड़क पर पलट गया और दोनों उसके नीचे दब गए।
पुलिस ने हाइड्रा मशीन की मदद से शवों को बाहर निकाला। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। दुर्घटना चंदवा थाना क्षेत्र के शिव टोला के समीप गुरुवार को दिन के करीब 11 बजे हुई। टिंकू भुइयां (34) और उनके 14 वर्षीय साले मिथुन भुइयां मोटरसाइकिल से चंदवा से लातेहार की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक (जेएच-15ई-0394) ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद अनियंत्रित ट्रक सड़क पर पलट गया। बाइक सवार दोनों युवक ट्रक के नीचे दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
मृतकों में टिंकू भुइयां रांची जिले के खलारी थाना क्षेत्र स्थित महावीर नगर, बुकबुका और मिथुन भुइयां लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र के सलगी के रहने वाले थे। सूचना मिलने पर चंदवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। हाइड्रा मशीन की मदद से ट्रक के नीचे दबे दोनों युवकों को बाहर निकाला गया। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चंदवा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया गया है। हादसे की जानकारी पाकर दोनों मृतकों के परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 July 2026 3:19 PM IST












