झारखंड में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब, अपराध दर बढ़ा भाजपा
रांची, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने बुधवार को रांची स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि राज्य में विधि-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने जनवरी 2020 से जनवरी 2026 तक नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) और झारखंड पुलिस की वेबसाइट के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि राज्य में अपराध की घटनाओं में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है। उनके मुताबिक, इस अवधि में 10,113 दुष्कर्म, 11,000 से अधिक अपहरण, 9,213 हत्याएं और 60,000 से ज्यादा चोरी की घटनाएं दर्ज की गईं, जबकि कुल संज्ञेय अपराधों की संख्या करीब 2.80 लाख रही।
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि राज्य में “पानी सिर के ऊपर” पहुंच चुका है और कानून-व्यवस्था को लेकर उच्च न्यायालय भी कई बार सरकार को फटकार लगा चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार का ध्यान कानून-व्यवस्था सुधारने पर नहीं है, जिसके कारण आपराधिक घटनाओं में वृद्धि हो रही है।
प्रतुल शाहदेव ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में बालू, कोयला और लोहे की अवैध खनन गतिविधियां बड़े पैमाने पर चल रही हैं, जो कथित तौर पर सरकारी संरक्षण के बिना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि झारखंड कांग्रेस के प्रभारी के. राजू ने भी हाल में यह स्वीकार किया है कि राज्य में माइनिंग क्षेत्र पर माफियाओं का दबदबा है और कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती जा रही है।
उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अपराधियों को सजा दिलाने के मामले में पुलिस का रिकॉर्ड संतोषजनक नहीं है, विशेषकर दुष्कर्म के मामलों में दोषसिद्धि दर कम है। उन्होंने कहा कि जब तक अपराधियों को सख्त सजा नहीं मिलेगी, तब तक अपराध पर अंकुश लगाना मुश्किल होगा।
भाजपा प्रवक्ता ने पुलिस प्रशासन से अपील की कि वह जनता का भरोसा बहाल करे, खुफिया तंत्र को मजबूत बनाए और अपराध के खिलाफ सख्ती से अभियान चलाए, तभी स्थिति में सुधार संभव है।
--आईएएनएस
एसएनसी/डीएससी
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 April 2026 5:34 PM IST












