राजनीति: रांची में तिरंगा फहराने के बाद बोले राज्यपाल संतोष गंगवार, 'झारखंड में नक्सल हिंसा में 75 फीसदी कमी आई'

रांची में तिरंगा फहराने के बाद बोले राज्यपाल संतोष गंगवार, झारखंड में नक्सल हिंसा में 75 फीसदी कमी आई
79वें स्वतंत्रता दिवस पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने शुक्रवार को राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में तिरंगा फहराया। उन्होंने राज्य के लोगों को संबोधित करते हुए सशक्त राष्ट्र और राज्य के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।

रांची, 15 अगस्त (आईएएनएस)। 79वें स्वतंत्रता दिवस पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने शुक्रवार को राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में तिरंगा फहराया। उन्होंने राज्य के लोगों को संबोधित करते हुए सशक्त राष्ट्र और राज्य के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।

राज्यपाल ने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में झारखंड नक्सल समस्या से पूरी तरह मुक्त होकर शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग और बुनियादी ढांचे में देश के अग्रणी राज्यों की कतार में खड़ा होगा। राष्ट्रीय ध्वज फहराने के पूर्व राज्यपाल ने सशस्त्र बलों की संयुक्त परेड का निरीक्षण किया। राज्यपाल गंगवार ने कहा कि राज्य में नक्सल हिंसा के मामलों में पिछले कुछ वर्षों में 75 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है और अब नक्सल प्रभावित इलाकों में सड़क, बिजली, पानी व स्वास्थ्य सेवाओं के साथ विकास की रफ्तार तेज हो रही है।

राज्य में चल रही विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत पिछले एक साल में 1,200 किलोमीटर से अधिक नई सड़कों का निर्माण हुआ है। ग्रामीण क्षेत्रों में 3.5 लाख घरों को बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराए गए, जबकि जल जीवन मिशन के तहत 18 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों को नल का पानी मिला है।

शिक्षा क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि 5,000 से ज्यादा सरकारी स्कूलों में बुनियादी ढांचे का उन्नयन किया गया है। 2,500 से अधिक स्मार्ट क्लासरूम तैयार किए गए हैं और 400 ई-लाइब्रेरी स्थापित हुई हैं। विश्वविद्यालयों में शोध एवं नवाचार को बढ़ावा देने के लिए विशेष अनुदान दिया जा रहा है। औद्योगिक विकास पर राज्यपाल ने कहा कि पिछले वित्त वर्ष में राज्य में 15,000 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्ताव मिला, जिसमें खनिज, ऊर्जा और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर शामिल हैं। उद्योगों के लिए भूमि, बिजली और एकल खिड़की प्रणाली से अनुमति की प्रक्रिया आसान की गई है।

महिला सशक्तिकरण के मोर्चे पर राज्य की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि 3.8 लाख महिला स्वयं सहायता समूहों को बैंक लिंकेज और प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार से जोड़ा गया है। इन समूहों के जरिए ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती और महिलाओं की आय में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि पिछले एक साल में जिला अस्पतालों में 150 से अधिक अत्याधुनिक उपकरण लगाए गए और 500 से ज्यादा डॉक्टर व नर्सों की नियुक्ति हुई।

आयुष्मान भारत योजना के तहत अब तक 35 लाख से अधिक लोगों को मुफ्त इलाज मिला है। पर्यटन विकास पर राज्यपाल ने कहा कि देवघर, पारसनाथ, नेतरहाट और पटगांवा जलप्रपात जैसे स्थलों का उन्नयन किया जा रहा है। इको-टूरिज्म और साहसिक पर्यटन के तहत 1,200 स्थानीय युवाओं को रोजगार मिला है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   15 Aug 2025 11:33 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story