झारखंड पद्मश्री छुटनी महतो ने महिला आरक्षण बिल का किया समर्थन, कांग्रेस की चुप्पी पर उठाए सवाल

झारखंड  पद्मश्री छुटनी महतो ने महिला आरक्षण बिल का किया समर्थन, कांग्रेस की चुप्पी पर उठाए सवाल
महिला आरक्षण संशोधन बिल को लेकर देश की राजनीति एक बार फिर गर्मा गई है। इस मुद्दे पर अपनी स्पष्ट राय रखते हुए डायन प्रथा उन्मूलन के लिए संघर्ष करने वाली झारखंड की पद्मश्री सम्मानित सामाजिक कार्यकर्ता छुटनी महतो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कदमों का खुलकर समर्थन किया है और साथ ही कांग्रेस तथा उसके नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है।

सरायकेला, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। महिला आरक्षण संशोधन बिल को लेकर देश की राजनीति एक बार फिर गर्मा गई है। इस मुद्दे पर अपनी स्पष्ट राय रखते हुए डायन प्रथा उन्मूलन के लिए संघर्ष करने वाली झारखंड की पद्मश्री सम्मानित सामाजिक कार्यकर्ता छुटनी महतो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कदमों का खुलकर समर्थन किया है और साथ ही कांग्रेस तथा उसके नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है।

उन्होंने कहा कि संसद का सत्र बढ़ाकर महिला आरक्षण लागू करने की दिशा में कदम उठाना एक सराहनीय और ऐतिहासिक पहल है, जिससे महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी में वास्तविक अवसर मिल सकेगा।

छुटनी महतो ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछले 30 वर्षों में पार्टी इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर कोई ठोस और प्रभावी कदम नहीं उठा सकी, जबकि मौजूदा सरकार ने अपेक्षाकृत कम समय में बड़ा निर्णय लेने का साहस दिखाया है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब प्रधानमंत्री ने इस विषय पर चर्चा के लिए बैठक बुलाई, तब कांग्रेस ने उसमें सक्रिय भागीदारी क्यों नहीं निभाई?

उनके अनुसार, कांग्रेस को यह अहसास हो चुका है कि अब उसकी सत्ता में वापसी संभव नहीं है, इसलिए वह ऐसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मुद्दों पर भी गंभीरता नहीं दिखा रही है।

राहुल गांधी की नेतृत्व क्षमता पर सवाल उठाते हुए छुटनी महतो ने कहा कि उनमें देश का नेतृत्व करने की योग्यता नहीं है और वे किसी भी परिस्थिति में प्रधानमंत्री बनने के योग्य नहीं हैं।

उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के कई नए आयाम स्थापित किए हैं, जिससे भारतीय जनता पार्टी की स्थिति और अधिक मजबूत हुई है। उनके मुताबिक, वर्तमान सरकार ने महिलाओं, गरीबों और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं शुरू की हैं, जिनका व्यापक सकारात्मक प्रभाव समाज में देखने को मिल रहा है।

आईएएनएस से बातचीत के दौरान छुटनी महतो ने प्रधानमंत्री के कार्यों की सराहना करते हुए कहा, “मोदी हैं तो मुमकिन है।” उन्होंने महिलाओं के हितों में किए जा रहे कार्यों के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया और कहा कि सरकार गरीबों और जरूरतमंदों के लिए लगातार काम कर रही है।

उन्होंने विशेष रूप से झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोगों के लिए पक्के आवास उपलब्ध कराने की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे समाज के निचले तबके के लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव आया है। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी देश में भारतीय जनता पार्टी की ही सरकार बनेगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   7 April 2026 5:01 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story