झारखंडः राज्यसभा चुनाव को लेकर इंडिया गठबंधन ने दिखाई एकजुटता, विधायकों की बैठक के बाद दोनों सीटों पर जीत का दावा

झारखंडः राज्यसभा चुनाव को लेकर इंडिया गठबंधन ने दिखाई एकजुटता, विधायकों की बैठक के बाद दोनों सीटों पर जीत का दावा
झारखंड में 18 जून को राज्यसभा की दो सीटों के लिए होने वाले चुनाव से पहले सत्तारूढ़ इंडिया गठबंधन ने रविवार को अपनी एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए दोनों सीटों पर जीत का दावा किया।

रांची, 7 जून (आईएएनएस)। झारखंड में 18 जून को राज्यसभा की दो सीटों के लिए होने वाले चुनाव से पहले सत्तारूढ़ इंडिया गठबंधन ने रविवार को अपनी एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए दोनों सीटों पर जीत का दावा किया।

रविवार शाम मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास में हुई गठबंधन विधायकों की बैठक में झामुमो उम्मीदवार बैजनाथ राम और कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा को संयुक्त रूप से समर्थन देने पर सहमति बनी।

बैठक में कांग्रेस के केंद्रीय पर्यवेक्षक एवं छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, दोनों उम्मीदवारों सहित गठबंधन के अधिकांश विधायक मौजूद रहे। बैठक के बाद नेताओं ने कहा कि गठबंधन के पास दोनों सीटों पर जीत सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त संख्या बल है और चुनाव को लेकर किसी प्रकार की असमंजस की स्थिति नहीं है।

झामुमो के वरिष्ठ नेता एवं मंत्री सुदिव्य कुमार ने दावा किया कि गठबंधन के सभी विधायक एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे और दोनों सीटें जीतेंगे। कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने भी कहा कि गठबंधन पूरी तरह एकजुट है और दोनों उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित है। सोमवार को दिन 11 बजे दोनों प्रत्याशी नामांकन करेंगे और उनके साथ गठबंधन के सभी दलों के विधायक और नेता मौजूद रहें।

राज्यसभा चुनाव को लेकर पिछले दिनों सत्तारूढ़ गठबंधन में मतभेद उभर आए थे। कांग्रेस की ओर से प्रत्याशी के ऐलान के बाद झामुमो ने दोनों सीटों पर प्रत्याशी उतारने की बात कही थी। हालांकि बाद में कांग्रेस और झामुमो नेताओं की संयुक्त बैठक में मतभेद दूर कर लिया गया।

रविवार की बैठक के जरिए सत्ता पक्ष ने अपनी एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की। झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए 18 जून को मतदान होगा। मौजूदा संख्या बल के आधार पर इंडिया गठबंधन दोनों सीटों पर मजबूत स्थिति में माना जा रहा है। हालांकि विपक्षी भाजपा भी चुनाव को दिलचस्प बनाने की कोशिश में जुटी है और दूसरी सीट पर उम्मीदवार उतारने की संभावनाओं पर मंथन कर रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   7 Jun 2026 10:48 PM IST

Tags

Next Story