झारखंड रांची में बंद घर में मृत पाया गया युवक, कोडरमा के जंगल में पेड़ से लटका मिला किसान का शव

झारखंड रांची में बंद घर में मृत पाया गया युवक, कोडरमा के जंगल में पेड़ से लटका मिला किसान का शव
झारखंड के रांची और कोडरमा जिलों में बुधवार को अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों के शव संदिग्ध स्थितियों में मिलने सनसनी फैल गई। रांची के रातू थाना क्षेत्र अंतर्गत चटकपुर गांव में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने एक बंद घर के भीतर एक युवक का शव देखा।

रांची/कोडरमा, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड के रांची और कोडरमा जिलों में बुधवार को अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों के शव संदिग्ध स्थितियों में मिलने सनसनी फैल गई। रांची के रातू थाना क्षेत्र अंतर्गत चटकपुर गांव में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने एक बंद घर के भीतर एक युवक का शव देखा।

मामले की जानकारी मिलते ही रातू थाना प्रभारी आदिकांत महतो पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला हादसा प्रतीत होता है। थाना प्रभारी ने बताया कि जिस घर में युवक का शव मिला है, उसके ठीक ऊपर से 11 हजार वोल्ट की हाई-टेंशन बिजली की लाइन गुजरी है।

पुलिस को आशंका है कि युवक अनजाने में इस तार की चपेट में आ गया होगा, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस हत्या और अन्य बिंदुओं पर भी गौर कर रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और उनकी शिनाख्त की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

कोडरमा जिले के ढाब थाना क्षेत्र में तीन दिनों से लापता नावाडीह गांव निवासी 55 वर्षीय किसान किशोर यादव का शव जंगल में एक पेड़ से लटका मिला। मृतक के परिजनों ने बताया कि किशोर यादव बीते 5 अप्रैल को अपने मवेशियों को चराने के लिए जंगल की ओर निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कुछ पता नहीं चला, तो 6 अप्रैल को परिजनों ने ढाब थाना में उनकी गुमशुदगी की लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

बुधवार को कुछ ग्रामीण जब जंगल की ओर लकड़ी चुनने गए, तब उनकी नज़र पेड़ से लटके शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही ढाब थाना प्रभारी बमबम साह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेज दिया।

परिजनों और ग्रामीणों से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किशोर यादव पिछले कुछ दिनों से गंभीर मानसिक तनाव से जूझ रहे थे। इसी आधार पर पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मानकर जांच को आगे बढ़ा रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

--आईएएनएस

एसएनसी/एएस

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   8 April 2026 2:14 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story