एनडीए के नेता बोले- झारखंड सरकार अड़ियल, पोल खुलने के डर से सीबीआई जांच से भाग रही
नई दिल्ली, 17 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ चल रहा छात्र आंदोलन सोमवार को 24वें दिन भी जारी है। इस बीच एनडीए नेताओं ने एक बार फिर झारखंड सरकार पर हमला बोलते हुए छात्रों की मांगों को तुरंत मानने की अपील की है।
भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि झारखंड सरकार को आंदोलन को गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने कहा, "झारखंड सरकार को राज्य में चल रहे आंदोलन पर तुरंत ध्यान देना चाहिए। सरकार को प्रदर्शन कर रहे छात्रों से बातचीत करनी चाहिए और इस समस्या का समाधान निकालना चाहिए।"
प्रवीण खंडेलवाल ने तंज कसते हुए कहा, "अगर झारखंड के मुख्यमंत्री किसी से प्रेरणा लेना चाहते हैं, तो वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रेरणा ले सकते हैं।"
बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा, "झारखंड सरकार बच्चों के लगातार हो रहे विरोध-प्रदर्शनों को नजरंदाज कर रही है। वह न तो उन पर ध्यान दे रही है और न ही इस मुद्दे पर कोई संज्ञान ले रही है।"
बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा, "सरकार निश्चित रूप से छात्रों को बातचीत के लिए बुलाएगी और वह हमेशा ऐसा करती रही है। जब भी राज्य में कोई मुद्दा उठता है- चाहे वह छात्र हों, किसान हों, मजदूर हों या व्यापारी-सरकार उनके साथ बैठकर चर्चा करना और समाधान निकालना चाहती है। हालांकि, जब कोई राजनीतिक दल इसमें शामिल हो जाता है और ऐसे विरोध-प्रदर्शनों का समर्थन करने लगता है, तो बातचीत के जरिए समस्या को सुलझाने में कुछ मुश्किलें आ सकती हैं।"
भाजपा प्रवक्ता आरपी सिंह ने झारखंड सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, "वहां की सरकार अड़ियल रवैया अपना रही है। छात्र सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं लेकिन सरकार इससे बच रही है क्योंकि उसे पता है कि उसके कई मंत्री बेनकाब हो सकते हैं।" सरकार छात्रों के खिलाफ लगातार बल प्रयोग कर रही है, जिससे स्थिति और बिगड़ रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 Aug 2026 1:26 PM IST












