'जो छोटी गलतियां की हैं उसे दोहराना नहीं चाहेंगे', पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले बोले भारतीय हॉकी कप्तान हरमनप्रीत

जो छोटी गलतियां की हैं उसे दोहराना नहीं चाहेंगे, पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले बोले भारतीय हॉकी कप्तान हरमनप्रीत
एफआईएच प्रो लीग 2025-26 में भारतीय टीम की शुक्रवार को पाकिस्तान से एक बार फिर भिड़ंत होनी है। टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह का कहना है कि भारतीय टीम पिछली बार की गई छोटी-छोटी गलतियों को इस बार दोहराने से बचना चाहेगी।

लंदन, 25 जून (आईएएनएस)। एफआईएच प्रो लीग 2025-26 में भारतीय टीम की शुक्रवार को पाकिस्तान से एक बार फिर भिड़ंत होनी है। टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह का कहना है कि भारतीय टीम पिछली बार की गई छोटी-छोटी गलतियों को इस बार दोहराने से बचना चाहेगी।

भारतीय टीम की भिड़ंत मंगलवार को पाकिस्तान से हुई थी, जहां टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4-3 से बाजी मारी थी। हालांकि, पाकिस्तान ने भारतीय टीम को कड़ी टक्कर दी थी। 'आईएएनएस' के साथ बातचीत करते हुए कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने इस मुकाबले को लेकर कहा, "हम जो गलतियां की हैं, वो छोटी हैं, लेकिन हम उन्हें दोहराना नहीं चाहेंगे। जाहिर तौर पर वो एक अच्छा मैच होगा। हालांकि, उससे पहले हमें इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबला खेलना है, तो हम पहले उस पर ध्यान देना चाहते हैं।"

हरमनप्रीत ने आगे कहा, "इसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मैच में हम छोटी-छोटी गलतियां करने से बचना चाहेंगे और हम शुरुआत से ही उनके ऊपर दबाव बनाने का प्रयास करेंगे। हम प्रयास करेंगे कि पाकिस्तान के खिलाफ जल्द से जल्द शुरुआती बढ़त ले सकें। भारतीय टीम का रिकॉर्ड पाकिस्तान के खिलाफ कमाल का रहा है। पिछले 18 मुकाबलों में भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ अजेय रही है।

कप्तान हरमनप्रीत ने कहा कि वर्ल्ड कप से पहले एफआईएच प्रो लीग के जरिए टीम की अच्छी तैयारी हो रही है। उन्होंने कहा, "बहुत जरूरी है, और मुझे लगता है कि यह प्रयोग और सब कुछ करने का सही समय है। हम अच्छी टीमों के खिलाफ खेल रहे हैं और वर्ल्ड कप से पहले हमें मैच मिल रहे हैं, तो यह एक सकारात्मक चीज है। हम बहुत उत्साहित हैं, क्योंकि वर्ल्ड कप से पहले हमें अच्छे मैच मिल रहे हैं और हम बेस्ट टीमों के खिलाफ मुकाबला कर रहे हैं।"

इस टूर्नामेंट से अब तक मिली सीख के सवाल पर भारतीय हॉकी टीम के कप्तान ने कहा, "सीख यही है जो हम मौके मिल रहे हैं उन्हें हमको भुनाना है। जाहिर तौर पर हमें अपने पेनल्टी कॉर्नर अटैक पर भी ध्यान देना है। इसके साथ ही हमें अपने डिफेंस में भी सुधार करने की जरूरत है। हमें काफी सावधान और तेज रहने की जरूरत है।" भारतीय टीम अभी अंक तालिका में आठवें नंबर पर मौजूद है। टीम ने कुल 13 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से भारतीय टीम को 3 में जीत नसीब हुई है। 7 मुकाबलों में टीम को हार का सामना करना पड़ा है, जबकि 3 मैच ड्रॉ रहे हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   25 Jun 2026 12:43 PM IST

Tags

Next Story