जोहान बोथा नीदरलैंड्स की पुरुष क्रिकेट टीम के सलाहकार बने
एम्स्टर्डम, 8 जुलाई (आईएएनएस)। साउथ अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर जोहान बोथा को नीदरलैंड पुरुष क्रिकेट टीम का सलाहकार नियुक्त किया गया है। बोथा इस महीने के अंत में नामीबिया और नेपाल के खिलाफ होने वाले आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग 2 (सीडब्ल्यूसीएल2) मुकाबलों के लिए टीम के साथ जुड़ेंगे। ये मुकाबले 21 जुलाई से यूट्रेक्ट (नीदरलैंड) के कैंपोंग में खेले जाएंगे।
44 वर्षीय बोथा ने साउथ अफ्रीका के लिए 78 वनडे और 40 टी20 मैच खेले हैं। वह 10 वनडे मुकाबलों में टीम के कप्तान भी रहे हैं।
बोथा ने ऑस्ट्रेलियाई घरेलू टीम क्वींसलैंड बुल्स और बिग बैश लीग (बीबीएल) फ्रेंचाइजी ब्रिस्बेन हीट के हेड कोच के तौर पर अपनी दोहरी भूमिकाओं से इस्तीफा देने के तुरंत बाद डच टीम के साथ काम करना शुरू किया है, जबकि उनके कॉन्ट्रैक्ट में अभी एक साल बाकी था।
जोहान बोथा ने बुधवार को एक बयान में कहा, "मैं वर्ल्ड कप लीग 2 में नामीबिया और नेपाल के खिलाफ इस अहम समय में नीदरलैंड्स टीम के साथ जुड़ने को लेकर बहुत उत्साहित हूं। पिछले कुछ वर्षों में उनकी प्रगति को देखते हुए, खिलाड़ियों, कोचों और स्टाफ के साथ काम करना बहुत अच्छा रहेगा।"
इस नियुक्ति का स्वागत करते हुए, केएनसीबी (डच क्रिकेट बोर्ड) के हाई परफॉर्मेंस बोर्ड के सदस्य सिब्रैंड एंगेलब्रेक्ट ने बोथा के व्यापक ग्लोबल कोचिंग अनुभव की तारीफ करते हुए कहा, "हम इससे खुश हैं कि जोहान हमारे साथ जुड़ गए हैं। वह बेहद अनुभवी कोच हैं, जिन्होंने पीएसएल, सीपीएल, एमएलसी, बिग बैश और क्वींसलैंड क्रिकेट में काम किया है।"
बोथा ने 2024 में वेड सेकोम्बे की जगह लेने के बाद पिछले दो सीजन में ब्रिस्बेन हीट और क्वींसलैंड बुल्स को कोचिंग दी थी। उनकी देखरेख में, क्वींसलैंड अपने पहले सीजन में शेफील्ड शील्ड के फाइनल में पहुंचा, जबकि हीट दोनों सीजन में बीबीएल फाइनल में जगह बनाने से चूक गई।
सीडब्ल्यूसीएल2 मुकाबलों के लिए नीदरलैंड्स की टीम की घोषणा 9 जुलाई के बाद जल्द ही की जाएगी। वे अपना पहला मैच 23 जुलाई को नेपाल के खिलाफ खेलेंगे और फिर 25 जुलाई को नामीबिया का सामना करेंगे। नीदरलैंड्स क्रमशः 29 और 31 जुलाई को नेपाल और नामीबिया के खिलाफ रिवर्स मैच भी खेलेगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 July 2026 4:22 PM IST












