कगिसो रबाडा ने रचा इतिहास, टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 350 विकेट पूरे करने वाले बने गेंदबाज

केपटाउन, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले जा रहे केपटाउन के न्यूलैंड्स में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच में इतिहास रच दिया है। रबाडा टेस्ट में गेंदों के लिहाज से सबसे तेज 350 विकेट लेने वाले बॉलर बन गए हैं।
रबाडा ने यह मुकाम 13,808 गेंद फेंककर हासिल किया है। उन्होंने इस मामले में डेल स्टेन को पीछे छोड़ा है। स्टेन ने यह उपलब्धि 14,719 गेंद फेंककर हासिल की थी। रबाडा साउथ अफ्रीका की ओर से टेस्ट क्रिकेट में 350 विकेट लेने वाले चौथे गेंदबाज बने हैं। उनसे पहले टीम की तरफ से यह मुकाम डेल स्टेन, शॉन पोलॉक और मखाया एंटिनी ही हासिल कर सके हैं।
रबाडा ने यह मुकाम अपने 75वें टेस्ट में हासिल करते हुए वेस्टइंडीज के पूर्व गेंदबाज मैल्कम मार्शल के रिकॉर्ड की बराबरी की। मार्शल ने भी अपने टेस्ट करियर के 75वें मुकाबले में 350 विकेट पूरे किए थे। रबाडा मैचों के लिहाज से टेस्ट में सबसे तेज 350 विकेट पूरे करने वाले संयुक्त रूप से तीसरे गेंदबाज बने हैं।
रबाडा ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 600 विकेट भी पूरे कर लिए हैं। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले साउथ अफ्रीका के पांचवें गेंदबाज बने हैं। उन्होंने अपने करियर के 260वें मैच में यह मुकाम हासिल किया।
साउथ अफ्रीका की तरफ से टेस्ट में सर्वाधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड शॉन पोलॉक के नाम है, जिन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में कुल 823 विकेट निकाले हैं। साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज ने टेस्ट क्रिकेट में 350 विकेट ट्रेविस हेड को आउट करने के साथ पूरे किए। तीसरे टेस्ट में साउथ अफ्रीका से मिले 288 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए लंच ब्रेक तक ऑस्ट्रेलिया ने अपने 7 विकेट सिर्फ 60 रनों के स्कोर पर गंवा दिए हैं। रबाडा दूसरी पारी में 3 विकेट चटका चुके हैं, जबकि साइमन हार्मर ने भी तीन विकेट निकाले हैं।
साउथ अफ्रीका ने पहली पारी में 329 रन बनाए थे, जिसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 429 रन बनाने के साथ पहली पारी के आधार पर 100 रनों की बढ़त हासिल की थी। दूसरी इनिंग में साउथ अफ्रीका ने रयान रिकेल्टन (101 रन) और वियान मुल्डर (115 रन) की शतकीय पारी की बदौलत 387 रन बनाए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
